उत्तराखंड में 398 पदों पर निकली बंपर भर्ती, कोर्ट में कनिष्ठ सहायक और स्टेनोग्राफर बनने का सुनहरा मौका

उत्तराखंड में 398 पदों पर निकली बंपर भर्ती, कोर्ट में कनिष्ठ सहायक और स्टेनोग्राफर बनने का सुनहरा मौका

देहरादून। उत्तराखंड में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए बड़ी खुशखबरी है। उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UKSSSC) ने उत्तराखंड उच्च न्यायालय के अधीनस्थ सिविल एवं कुटुंब न्यायालयों में कनिष्ठ सहायक और स्टेनोग्राफर ग्रेड-1/वैयक्तिक सहायक के कुल 398 पदों पर सीधी भर्ती के लिए अधिसूचना जारी कर दी है। इच्छुक अभ्यर्थी 22 जून 2026 से ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे, जबकि आवेदन की अंतिम तिथि 6 जुलाई 2026 निर्धारित की गई है।

398 पदों पर होगी भर्ती

आयोग की ओर से जारी विज्ञापन के अनुसार 259 पद कनिष्ठ सहायक और 139 पद स्टेनोग्राफर ग्रेड-1/वैयक्तिक सहायक के भरे जाएंगे। कनिष्ठ सहायक पद के लिए लेवल-3 के तहत 21,700 से 69,100 रुपये तक वेतनमान मिलेगा। वहीं स्टेनोग्राफर एवं वैयक्तिक सहायक पदों पर चयनित अभ्यर्थियों को लेवल-5 और लेवल-7 के अनुसार 29,200 रुपये से 1,42,400 रुपये प्रतिमाह तक वेतन दिया जाएगा।

स्नातक अभ्यर्थी कर सकेंगे आवेदन

इन पदों के लिए किसी मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय से स्नातक होना अनिवार्य है। अभ्यर्थियों को हिन्दी एवं अंग्रेजी भाषा का ज्ञान तथा कंप्यूटर संचालन का अनुभव होना चाहिए।

कनिष्ठ सहायक पद के लिए हिन्दी टंकण में 25 शब्द प्रति मिनट की गति आवश्यक है, जबकि अंग्रेजी टंकण में 30 शब्द प्रति मिनट की गति रखने वाले अभ्यर्थियों को वरीयता मिलेगी। स्टेनोग्राफर पद के लिए हिन्दी आशुलेखन में 80 शब्द प्रति मिनट और हिन्दी टंकण में 25 शब्द प्रति मिनट की गति अनिवार्य होगी।

आयु सीमा

भर्ती के लिए न्यूनतम आयु 21 वर्ष और अधिकतम 35 वर्ष निर्धारित की गई है। आयु की गणना 1 जनवरी 2026 के आधार पर होगी। आरक्षित वर्ग के अभ्यर्थियों को नियमानुसार आयु सीमा में छूट का लाभ मिलेगा।

लिखित परीक्षा और स्किल टेस्ट से होगा चयन

चयन प्रक्रिया दो चरणों में पूरी होगी। पहले चरण में 140 अंकों की वस्तुनिष्ठ लिखित परीक्षा आयोजित की जाएगी, जिसकी संभावित तिथि 23 अगस्त 2026 है। परीक्षा की अवधि 2 घंटे 30 मिनट होगी।

लिखित परीक्षा में सफल अभ्यर्थियों को टंकण एवं आशुलेखन कौशल परीक्षा देनी होगी। परीक्षा में एक-चौथाई (0.25) अंक की नेगेटिव मार्किंग भी लागू रहेगी। सामान्य एवं ओबीसी वर्ग के अभ्यर्थियों के लिए न्यूनतम 45 प्रतिशत, जबकि एससी-एसटी वर्ग के लिए 35 प्रतिशत अंक अनिवार्य होंगे।

आवेदन शुल्क

  • सामान्य एवं ओबीसी वर्ग – 300 रुपये
  • उत्तराखंड के एससी, एसटी, ईडब्ल्यूएस एवं दिव्यांग अभ्यर्थी – 150 रुपये
  • अनाथ श्रेणी – आवेदन शुल्क पूर्णतः निःशुल्क

22 जून से शुरू होंगे आवेदन

ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 22 जून 2026 से शुरू होगी और 6 जुलाई 2026 तक चलेगी। आवेदन पत्र में संशोधन की सुविधा 8 जुलाई से 10 जुलाई 2026 तक उपलब्ध रहेगी।

आयोग ने अभ्यर्थियों से आवेदन करने से पहले विस्तृत विज्ञापन ध्यानपूर्वक पढ़ने तथा सही मोबाइल नंबर और ई-मेल आईडी दर्ज करने की अपील की है, ताकि भर्ती से जुड़ी सभी सूचनाएं समय पर प्राप्त हो सकें।

उत्तराखंड के न्यायालयों में निकली यह भर्ती राज्य के हजारों स्नातक युवाओं के लिए सरकारी सेवा में करियर बनाने का सुनहरा अवसर मानी जा रही है।