बदरीनाथ। देश के प्रमुख उद्योगपति मुकेश अंबानी ने रविवार को उत्तराखंड के पवित्र बदरीनाथ धाम पहुंचकर भगवान बदरीविशाल के दर्शन किए और विशेष पूजा-अर्चना कर देश-प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की।
दर्शन के बाद मुकेश अंबानी ने श्री बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति (बीकेटीसी) के पदाधिकारियों से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने मंदिर समिति को 5 करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की।
बताया जा रहा है कि धाम पहुंचने पर मंदिर समिति के अधिकारियों ने उनका स्वागत किया। दर्शन और पूजा-अर्चना के बाद उन्होंने मंदिर की व्यवस्थाओं की जानकारी भी ली।
मुकेश अंबानी के इस दान को बदरीनाथ धाम के विकास और श्रद्धालुओं की सुविधाओं को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण योगदान माना जा रहा है। उनके दौरे को लेकर धाम में सुरक्षा के भी विशेष इंतजाम किए गए थे।