एमएमए विश्व चैम्पियन दिगंबर सिंह रावत ने मुख्यमंत्री धामी से की मुलाकात, मिली बधाई और शुभकामनाएं

एमएमए विश्व चैम्पियन दिगंबर सिंह रावत ने मुख्यमंत्री धामी से की मुलाकात, मिली बधाई और शुभकामनाएं

देहरादून। मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी से मुख्यमंत्री आवास में चमोली जनपद निवासी एवं मिश्रित मार्शल आर्ट्स (एमएमए) के अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी दिगंबर सिंह रावत ने शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान मुख्यमंत्री ने उन्हें एमएफएन (Matrix Fight Night) लाइटवेट विश्व चैम्पियन बनने पर बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि दिगंबर सिंह रावत ने अपनी प्रतिभा, कठिन परिश्रम और दृढ़ संकल्प के दम पर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल कर उत्तराखंड का गौरव बढ़ाया है। उन्होंने कहा कि उनकी सफलता प्रदेश के युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत है और यह साबित करती है कि उत्तराखंड के खिलाड़ी वैश्विक स्तर पर अपनी पहचान बनाने की क्षमता रखते हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने और उन्हें बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने विश्वास जताया कि दिगंबर सिंह रावत भविष्य में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन कर देश और प्रदेश का नाम रोशन करते रहेंगे।
गौरतलब है कि चमोली निवासी दिगंबर सिंह रावत वर्तमान में एमएफएन लाइटवेट विश्व चैम्पियन हैं। उन्होंने MFN-18 प्रतियोगिता में पहले ही राउंड में तकनीकी नॉकआउट (टीकेओ) के जरिए शानदार जीत दर्ज कर विश्व खिताब अपने नाम किया था।
इस अवसर पर दिगंबर सिंह रावत ने मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि राज्य सरकार द्वारा खिलाड़ियों को दिए जा रहे प्रोत्साहन से युवाओं का मनोबल बढ़ रहा है और उन्हें अपने लक्ष्य हासिल करने की नई प्रेरणा मिल रही है।