देहरादून। देहरादून में एक घरेलू सहायिका द्वारा अपने मालिक के घर से लाखों रुपये के हीरे और सोने के आभूषण चोरी करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। चोरी के करीब एक साल बाद आरोपी महिला अपनी ही एक बड़ी गलती की वजह से पुलिस के हत्थे चढ़ गई। इंस्टाग्राम पर चोरी के हीरे के हार के साथ फोटो पोस्ट करना उसके लिए भारी पड़ गया।
राजपुर थाना क्षेत्र निवासी नितिशा वत्स ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि करीब एक वर्ष पहले उनके घर से हीरे और सोने के कीमती आभूषण गायब हो गए थे। शुरुआत में उन्हें लगा कि शायद उन्होंने आभूषण कहीं और रख दिए हैं या किसी रिश्तेदार को दिए होंगे, इसलिए उन्होंने चोरी की आशंका नहीं जताई।
कुछ दिन पहले एक परिचित ने उन्हें इंस्टाग्राम पर एक महिला की तस्वीर दिखाई, जिसमें वह बिल्कुल उनके खोए हुए हीरे के हार जैसा हार पहने हुए थी। तस्वीर उनकी पूर्व घरेलू सहायिका विमला की निकली। इसके बाद उन्हें चोरी का शक हुआ और उन्होंने राजपुर थाने में शिकायत दर्ज कराई।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रमेन्द्र डोबाल के निर्देश पर गठित पुलिस टीम ने जांच शुरू की और स्थानीय सूचना तंत्र की मदद से आरोपी विमला, निवासी लखीमपुर खीरी (हाल निवासी बापूनगर, जाखन, देहरादून) को जोहड़ी रोड से गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि घरेलू सहायिका के रूप में काम करते समय उसने घर के लॉकर में रखे महंगे हीरे और सोने के आभूषण देखे थे। लालच में आकर उसने मौका मिलते ही लॉकर से गहने चोरी कर लिए। घर की मालकिन का भरोसा जीतने के लिए उसने उन्हें यही विश्वास दिलाया कि गहने शायद कहीं और रखे गए होंगे।
आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने चोरी किए गए हीरे और सोने के आभूषण बरामद कर लिए। आरोपी ने बताया कि वह लंबे समय से इन गहनों को बेचने की कोशिश कर रही थी, लेकिन महंगे आभूषण होने के कारण खरीदार नहीं मिल पाए।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।