उत्तराखंड शिक्षा विभाग में बड़ा फेरबदल, वीपी सिमल्टी और केएस रावत को मिली बड़ी जिम्मेदारी

उत्तराखंड शिक्षा विभाग में बड़ा फेरबदल, वीपी सिमल्टी और केएस रावत को मिली बड़ी जिम्मेदारी

देहरादून। उत्तराखंड सरकार ने विद्यालयी शिक्षा व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से शिक्षा विभाग में बड़े स्तर पर प्रशासनिक फेरबदल किया है। वार्षिक स्थानांतरण सत्र-2026 के तहत कई वरिष्ठ अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। माध्यमिक शिक्षा, प्रारंभिक शिक्षा और विद्यालयी शिक्षा परिषद में नए प्रभारी अधिकारियों की नियुक्ति की गई है।
शासन की ओर से जारी आदेश के अनुसार विनोद प्रसाद सिमल्टी को प्रभारी निदेशक (माध्यमिक शिक्षा) बनाया गया है। वहीं केएस रावत को उनके वर्तमान दायित्वों के साथ प्रभारी निदेशक (प्रारंभिक शिक्षा) एवं अपर परियोजना निदेशक, समग्र शिक्षा की अतिरिक्त जिम्मेदारी सौंपी गई है।

इसके अलावा विनोद कुमार ढौंडियाल को उत्तराखंड विद्यालयी शिक्षा परिषद, रामनगर का प्रभारी सचिव नियुक्त किया गया है। वहीं गोविंद राम जायसवाल को जिला शिक्षा अधिकारी (माध्यमिक) के साथ प्रभारी मुख्य शिक्षा अधिकारी, देहरादून का अतिरिक्त दायित्व दिया गया है।

इसी क्रम में रणजीत सिंह नेगी को जिला शिक्षा अधिकारी (माध्यमिक), नैनीताल नियुक्त किया गया है। उन्हें प्रभारी मुख्य शिक्षा अधिकारी, नैनीताल और लोक सेवा अधिकरण, नैनीताल में नोडल अधिकारी की अतिरिक्त जिम्मेदारी भी सौंपी गई है।
शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने कहा कि अनुभवी अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां देने से विभागीय कार्यों में तेजी आएगी। इससे शिक्षा व्यवस्था में बेहतर समन्वय स्थापित होगा और विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने के प्रयासों को और मजबूती मिलेगी।