उत्तराखंड में आज से लागू होगी ‘वीबी जी राम जी’ योजना, मनरेगा की जगह अब 125 दिन मिलेगा रोजगार

उत्तराखंड में आज से लागू होगी ‘वीबी जी राम जी’ योजना, मनरेगा की जगह अब 125 दिन मिलेगा रोजगार

उत्तराखंड में आज से लागू होगी ‘वीबी जी राम जी’ योजना, मनरेगा की जगह अब 125 दिन मिलेगा रोजगार
देहरादून। उत्तराखंड में ग्रामीण रोजगार को नई दिशा देने के उद्देश्य से आज से विकसित भारत ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना (वीबी जी राम जी) लागू की जा रही है। यह योजना अब तक संचालित मनरेगा की जगह लेगी। नई व्यवस्था के तहत ग्रामीण श्रमिकों को वर्ष में 125 दिनों का रोजगार उपलब्ध कराया जाएगा।

केंद्र सरकार ने इस योजना को लेकर 11 मई को दिशा-निर्देश जारी किए थे, जिसके बाद उत्तराखंड सरकार ने भी गजट अधिसूचना जारी कर इसे प्रदेश में लागू करने का निर्णय लिया है।

नई योजना के तहत श्रमिकों को केवल पारंपरिक ग्रामीण विकास कार्यों तक सीमित नहीं रखा जाएगा, बल्कि ग्रामीण आजीविका, जल संरक्षण, आपदा राहत और आधारभूत ढांचे के निर्माण जैसे कई क्षेत्रों में भी रोजगार मिलेगा।

योजना के अंतर्गत कुल 318 प्रकार के कार्य शामिल किए गए हैं। इनमें 97 मरम्मत एवं रखरखाव, 88 ग्रामीण आधारभूत ढांचा विकास, 107 जल संरक्षण, 86 ग्रामीण आजीविका और 37 आपदा राहत से जुड़े कार्य शामिल हैं। ग्रामीण आधारभूत ढांचे के 88 कार्यों में 52 नए निर्माण और 36 पुनर्निर्माण से संबंधित होंगे।

सरकार का कहना है कि नई योजना का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार के अवसर बढ़ाने के साथ-साथ प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण, आपदा प्रबंधन और ग्रामीण विकास को गति देना है। इससे प्रदेश के हजारों श्रमिकों को नियमित रोजगार मिलने के साथ गांवों में विकास कार्यों को भी मजबूती मिलेगी।