यूपीसीएल के नए एमडी बने पीसी ध्यानी, यूजेवीएनएल की कमान संभालेंगे एके सिंह

यूपीसीएल के नए एमडी बने पीसी ध्यानी, यूजेवीएनएल की कमान संभालेंगे एके सिंह

देहरादून। उत्तराखंड के ऊर्जा निगमों में लंबे समय से लंबित प्रबंध निदेशकों (एमडी) की नियुक्ति प्रक्रिया पूरी हो गई है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की मंजूरी के बाद उत्तराखंड पावर कॉर्पोरेशन लिमिटेड (UPCL) में पीसी ध्यानी और उत्तराखंड जल विद्युत निगम लिमिटेड (UJVNL) में एके सिंह को नया प्रबंध निदेशक नियुक्त किया गया है।

बुधवार को सचिवालय में दोनों पदों के लिए साक्षात्कार आयोजित किए गए। शासन के अनुसार, इन पदों के लिए कुल 18 अभ्यर्थियों ने आवेदन किया था। इनमें से 16 उम्मीदवारों को इंटरव्यू के लिए बुलाया गया, जबकि 14 अभ्यर्थी साक्षात्कार में शामिल हुए।

लंबे समय से प्रभारी व्यवस्था के भरोसे चल रहे थे निगम
UPCL और UJVNL में लंबे समय से स्थायी एमडी की नियुक्ति नहीं होने के कारण दोनों निगम प्रभारी व्यवस्था के तहत संचालित हो रहे थे। इससे कई महत्वपूर्ण प्रशासनिक और रणनीतिक निर्णय प्रभावित हो रहे थे। स्थायी नियुक्ति की मांग लंबे समय से उठाई जा रही थी।

मुख्यमंत्री की मंजूरी के बाद जारी होंगे आदेश
प्रमुख सचिव डॉ. आर. मीनाक्षी सुंदरम ने बताया कि चयन प्रक्रिया पूरी होने के बाद प्रस्ताव मुख्यमंत्री के अनुमोदन के लिए भेजा गया था। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की स्वीकृति मिलने के बाद नियुक्ति आदेश जारी करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

ऊर्जा क्षेत्र में बढ़ेगी निर्णय लेने की गति
नई नियुक्तियों के बाद उम्मीद की जा रही है कि राज्य के ऊर्जा क्षेत्र में लंबित परियोजनाओं को गति मिलेगी। बिजली वितरण व्यवस्था, जल विद्युत परियोजनाओं और ऊर्जा प्रबंधन से जुड़े महत्वपूर्ण निर्णय अब तेजी से लिए जा सकेंगे, जिससे ऊर्जा निगमों के कामकाज में भी सुधार आने की संभावना है।