उत्तराखंड बनेगा पहला राज्य, अग्निवीरों को 100% रोजगार देने की तैयारी,कर्नल कोठियाल ने बताई पूरी योजना

उत्तराखंड बनेगा पहला राज्य, अग्निवीरों को 100% रोजगार देने की तैयारी,कर्नल कोठियाल ने बताई पूरी योजना

देहरादून: उत्तराखंड सरकार सेना से सेवा पूरी कर लौटने वाले अग्निवीरों के भविष्य को सुरक्षित बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाने जा रही है। सरकार का दावा है कि उत्तराखंड देश का पहला ऐसा राज्य बनेगा, जहां अग्निवीरों को 100 प्रतिशत रोजगार उपलब्ध कराने की व्यवस्था की जाएगी। इसके लिए राज्य सरकार जल्द ही विशेष अग्निवीर रोजगार सेल (URC) का गठन कर नई रोजगार नीति लागू करेगी।

सोमवार को देहरादून में आयोजित प्रेस वार्ता में अग्निवीर रोजगार सेल के संयोजक कर्नल अजय कोठियाल (सेवानिवृत्त) ने बताया कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर अग्निवीरों के लिए व्यापक रोजगार रोडमैप तैयार किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार सेना से लौटने वाले युवाओं के अनुशासन, अनुभव और कौशल का बेहतर उपयोग करते हुए उन्हें सम्मानजनक रोजगार उपलब्ध कराना चाहती है।

उन्होंने बताया कि रोजगार सेल विभिन्न सरकारी विभागों, राज्य उपक्रमों, निजी कंपनियों और कॉरपोरेट सेक्टर के साथ समन्वय स्थापित करेगा। साथ ही अग्निवीरों की स्किल मैपिंग कर उन्हें उनकी योग्यता और अनुभव के अनुरूप रोजगार से जोड़ा जाएगा। आवश्यकता पड़ने पर विशेष स्किल डेवलपमेंट और अपस्किलिंग कार्यक्रम भी संचालित किए जाएंगे, ताकि वे उद्योगों की मांग के अनुसार तैयार हो सकें।

कर्नल कोठियाल ने बताया कि सरकार विभिन्न विभागों में रिक्त पदों का आकलन कर रही है और जल्द ही इस संबंध में शासनादेश जारी किया जाएगा। उन्होंने कहा कि होटल, पर्यटन, सुरक्षा, आपदा प्रबंधन, विनिर्माण, लॉजिस्टिक्स, स्वास्थ्य, आईटी समेत कई क्षेत्रों में अग्निवीरों के लिए रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए जाएंगे।

राज्य सरकार का कहना है कि इस पहल का उद्देश्य सेना से लौटने वाले अग्निवीरों को रोजगार की चिंता से मुक्त करना और उनके कौशल का उपयोग राज्य के विकास में करना है। सरकार विभिन्न एजेंसियों और उद्योगों के साथ समन्वय स्थापित कर रोजगार प्रक्रिया को तेजी से आगे बढ़ाने की तैयारी में जुटी है।