हरिद्वार: नेपाल में आई प्राकृतिक आपदा के बाद प्रभावित लोगों की मदद के लिए शांतिकुंज हरिद्वार की ओर से राहत अभियान शुरू किया गया है। अखिल विश्व गायत्री परिवार ने बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में जरूरी सामान पहुंचाने के लिए करीब 50 नेपाली कार्यकर्ताओं और स्थानीय गायत्री परिवार से जुड़े लोगों का दल नेपाल रवाना किया है।
तिरपाल, राशन और दवाइयां लेकर पहुंचेंगे कार्यकर्ता
राहत दल प्रभावित क्षेत्रों में पहुंचकर जरूरतमंद परिवारों को तिरपाल, राशन, दवाइयां और रोजमर्रा की आवश्यक वस्तुएं उपलब्ध कराएगा। बाढ़ के कारण कई परिवारों के घर और जरूरी सामान को नुकसान पहुंचा है। ऐसे में राहत दल का उद्देश्य प्रभावित लोगों को तत्काल सहायता उपलब्ध कराना है।
भारत-नेपाल के संबंधों का दिया हवाला
गायत्री परिवार की ओर से कहा गया कि भारत और नेपाल के बीच लंबे समय से सामाजिक और सांस्कृतिक संबंध हैं। प्राकृतिक आपदा की इस घड़ी में प्रभावित लोगों की सहायता करना मानवीय जिम्मेदारी है।
शांतिकुंज ने बताया कि यह सेवा अभियान पंडित श्रीराम शर्मा आचार्य और वंदनीया माताजी भगवती देवी शर्मा की सेवा भावना से प्रेरणा लेकर संचालित किया जा रहा है।
प्रभावित परिवारों को भरोसा दिलाने की कोशिश
शांतिकुंज की ओर से कहा गया कि राहत सामग्री पहुंचाने के साथ प्रभावित परिवारों को यह संदेश देना भी अभियान का उद्देश्य है कि संकट की घड़ी में वे अकेले नहीं हैं। संगठन ने आपदा में जान गंवाने वाले लोगों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए प्रभावित परिवारों के प्रति सहानुभूति जताई है।