देहरादून: उत्तराखंड के युवा क्रिकेटर लक्ष्य रायचंदानी को भारतीय अंडर-19 वनडे क्रिकेट टीम की कप्तानी सौंपी गई है। वहीं, मल्टी डे मैचों के लिए उन्हें टीम का उपकप्तान बनाया गया है।
लक्ष्य की कप्तानी में भारत की अंडर-19 टीम ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ तीन वनडे मैच खेलेगी। खास बात यह है कि इस टीम में पूर्व भारतीय क्रिकेटर राहुल द्रविड़ और वीरेंद्र सहवाग के बेटे अन्वय द्रविड़ और आर्यवीर सहवाग भी शामिल हैं।
ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ होंगे तीन वनडे
भारत और ऑस्ट्रेलिया की अंडर-19 टीमों के बीच तीन वनडे मुकाबले 18, 21 और 23 सितंबर को राजकोट में खेले जाएंगे। वहीं, दो चार दिवसीय मल्टी डे मुकाबले 27 सितंबर से 30 सितंबर और 5 अक्टूबर से 8 अक्टूबर तक खेले जाएंगे।
कप्तानी मिलने पर लक्ष्य ने जताई खुशी
लक्ष्य रायचंदानी ने कहा कि वनडे टीम का कप्तान और मल्टी डे टीम का उपकप्तान बनना उनके लिए बेहद खास अनुभव है। उन्होंने कहा कि उन्होंने इस बारे में पहले नहीं सोचा था और मिले मौकों में अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने की कोशिश की। उन्होंने अपनी सफलता में क्रिकेट एसोसिएशन ऑफ उत्तराखंड के योगदान को भी महत्वपूर्ण बताया।
लक्ष्य को मिली इस जिम्मेदारी से उत्तराखंड के क्रिकेट प्रेमियों और खिलाड़ियों में खुशी की लहर है। यह उपलब्धि प्रदेश के युवा क्रिकेटरों के लिए भी बड़ी प्रेरणा मानी जा रही है।