उत्तराखंड प्रीमियर लीग 2026 की तारीखों का ऐलान, 21 सितंबर से देहरादून में शुरू होगा तीसरा सीजन

उत्तराखंड प्रीमियर लीग 2026 की तारीखों का ऐलान, 21 सितंबर से देहरादून में शुरू होगा तीसरा सीजन


देहरादून: उत्तराखंड के क्रिकेट प्रेमियों का इंतजार जल्द खत्म होने वाला है। उत्तराखंड प्रीमियर लीग (UPL) 2026 के तीसरे सीजन की तारीखों का ऐलान कर दिया गया है। लीग का आयोजन 21 सितंबर से 1 अक्टूबर 2026 तक देहरादून के राजीव गांधी इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम, रायपुर में होगा।
इस बार UPL में पुरुष और महिला दोनों वर्गों के मुकाबले होंगे। पुरुष वर्ग में 7 टीमें, जबकि महिला वर्ग में 4 टीमें मैदान में उतरेंगी।
पुरुष वर्ग में ये 7 टीमें
UPL 2026 के पुरुष वर्ग में देहरादून वॉरियर्स, यूएसएन इंडियंस, हरिद्वार एल्मास, टिहरी टाइटंस, ऋषिकेश रिवर किंग्स, पिथौरागढ़ हरिकेंस और नैनीताल टाइगर्स शामिल हैं।
महिला वर्ग में 4 टीमें
महिला वर्ग में मसूरी क्वींस, बागेश्वर एरियल, पिथौरागढ़ हरिकेंस और देहरादून वॉरियर्स आमने-सामने होंगी। इस सीजन महिला वर्ग में टीमों में बदलाव भी किया गया है।
16 सितंबर को खिलाड़ियों का ड्राफ्ट
UPL 2026 के लिए खिलाड़ियों का ड्राफ्ट 16 सितंबर को होने की जानकारी सामने आई है। इससे पहले लीग के लिए सात पुरुष आइकन खिलाड़ियों के नाम घोषित किए जा चुके हैं। इनमें आकाश मधवाल, जगदीशा सुचित, कुणाल चंदेला, अवनीश सुधा, युवराज चौधरी, तेजस्वी जायसवाल और मयंक मिश्रा शामिल हैं।
महिला वर्ग में प्रेमा रावत, राघवी बिष्ट, नंदिनी कश्यप और श्वेता वर्मा को आइकन खिलाड़ी घोषित किया गया है।
21 सितंबर से शुरू होगा क्रिकेट का रोमांच
UPL का तीसरा सीजन 21 सितंबर से 1 अक्टूबर तक चलेगा। राजीव गांधी इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में होने वाले मुकाबलों में उत्तराखंड के पुरुष और महिला क्रिकेटरों को प्रतिस्पर्धी मंच मिलेगा। CAU के मुताबिक लीग का उद्देश्य राज्य के खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने और आगे बढ़ने का अवसर उपलब्ध कराना है।