केदारनाथ धाम के लिए फिर शुरू हुई हेली सेवा, हेलीपैडों पर लौटी रौनक

केदारनाथ धाम के लिए फिर शुरू हुई हेली सेवा, हेलीपैडों पर लौटी रौनक

रुद्रप्रयाग: केदारनाथ धाम की यात्रा के दूसरे चरण में मंगलवार, 15 सितंबर से हेली सेवाएं फिर शुरू हो गईं। सुबह मौसम साफ होने के बाद केदारघाटी के विभिन्न हेलीपैड से केदारनाथ धाम के लिए उड़ानों का संचालन शुरू किया गया। लंबे अंतराल के बाद हेली सेवा बहाल होने से केदारघाटी के हेलीपैड पर फिर से गतिविधियां बढ़ गई हैं और श्रद्धालुओं की आवाजाही भी तेज होने लगी है।
बरसात के दौरान प्रतिकूल मौसम और सुरक्षा कारणों से हेली सेवाओं का संचालन अस्थायी रूप से बंद किया गया था। दूसरे चरण की यात्रा के लिए उड़ानें शुरू करने से पहले नागर विमानन महानिदेशालय (DGCA) की ओर से संबंधित हेली कंपनियों की व्यवस्थाओं और सुरक्षा मानकों का निरीक्षण किया गया। आवश्यक जांच और औपचारिकताएं पूरी होने के बाद कंपनियों को उड़ान संचालन की अनुमति दी गई।

तीन सेक्टर से आठ कंपनियां कर रहीं संचालन
केदारनाथ धाम के लिए केदारघाटी के तीन प्रमुख सेक्टरों से कुल आठ हेली कंपनियां सेवाएं दे रही हैं। गुप्तकाशी सेक्टर से ट्रांस भारत और चिप्सन हेली, फाटा सेक्टर से थम्बी हेली, राजश हेली एविएशन, यूनाइटेड हेली और पिलग्रिम हेली एविएशन तथा शेरसी सेक्टर से हिमालय हेली और एरो एविएशन द्वारा श्रद्धालुओं को सेवा दी जा रही है।
जिला पर्यटन अधिकारी राहुल चौबे ने बताया कि हेली सेवा संचालन पर प्रशासन लगातार निगरानी रख रहा है। यात्रियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए निर्धारित सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन कराया जाएगा। मौसम और सुरक्षा परिस्थितियों के अनुकूल होने पर ही उड़ानों का संचालन किया जाएगा।

15 से 30 सितंबर तक के सभी टिकट बुक
दूसरे चरण में 15 सितंबर से 30 सितंबर तक 16 दिनों के लिए हेली सेवा के ऑनलाइन टिकट जारी किए गए हैं। यूकाडा के अनुसार इस अवधि के सभी टिकट बुक हो चुके हैं। इससे केदारनाथ हेली सेवा की मांग का अंदाजा लगाया जा सकता है।
यात्रियों को ठगी से बचाने के लिए यूकाडा ने हेली सेवा के टिकट केवल अधिकृत आईआरसीटीसी वेबसाइट के माध्यम से बुक करने की अपील की है। श्रद्धालुओं से किसी अनधिकृत एजेंट या वेबसाइट से टिकट नहीं लेने को कहा गया है। ट्रांस भारत एविएशन के बेस इंचार्ज रेक सिंह के अनुसार, यात्रा के दूसरे चरण के लिए सभी संबंधित हेली कंपनियां केदारघाटी पहुंच चुकी हैं और सुरक्षा मानकों का निरीक्षण पूरा होने के बाद मंगलवार से उड़ानें शुरू कर दी गई हैं।

हेली सेवा शुरू होने से बुजुर्ग, दिव्यांग और पैदल यात्रा करने में असमर्थ श्रद्धालुओं को विशेष सुविधा मिलेगी। कम समय में केदारनाथ पहुंचने के इच्छुक यात्रियों के लिए भी यह महत्वपूर्ण विकल्प है। हेली उड़ानों के दोबारा संचालन से यात्रा के दूसरे चरण में श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ने की उम्मीद है।