रेलवे में पैरामेडिकल स्टाफ के 590 पदों पर भर्ती, 15 सितंबर से आवेदन शुरू, 14 अक्टूबर तक मौका

रेलवे में पैरामेडिकल स्टाफ के 590 पदों पर भर्ती, 15 सितंबर से आवेदन शुरू, 14 अक्टूबर तक मौका


नई दिल्ली: रेलवे में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों के लिए बड़ी खबर है। रेलवे भर्ती बोर्ड (RRB) ने पैरामेडिकल श्रेणी के विभिन्न पदों पर भर्ती के लिए CEN 05/2026 जारी किया है। इस भर्ती अभियान के तहत कुल 590 पदों पर नियुक्तियां की जाएंगी। इन पदों के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 15 सितंबर 2026 से शुरू होगी। इच्छुक अभ्यर्थी 14 अक्टूबर 2026 रात 11:59 बजे तक ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे।


इन पदों पर होगी भर्ती
आरआरबी की इस भर्ती में कुल 9 अलग-अलग श्रेणियों के पद शामिल हैं। इनमें नर्सिंग सुपरिंटेंडेंट, फार्मासिस्ट (एंट्री ग्रेड), हेल्थ एंड मलेरिया इंस्पेक्टर ग्रेड-II, लैब असिस्टेंट ग्रेड-II, रेडियोग्राफर/एक्स-रे टेक्नीशियन, ईसीजी टेक्नीशियन, ऑप्टोमेट्रिस्ट, डायलिसिस टेक्नीशियन तथा ऑडियोलॉजिस्ट एंड स्पीच थेरेपिस्ट के पद शामिल हैं।
इनमें नर्सिंग सुपरिंटेंडेंट के सबसे अधिक 365 पद हैं। फार्मासिस्ट के 118, हेल्थ एंड मलेरिया इंस्पेक्टर ग्रेड-II के 43, लैब असिस्टेंट ग्रेड-II के 31 और रेडियोग्राफर/एक्स-रे टेक्नीशियन के 25 पद हैं। इसके अलावा ईसीजी टेक्नीशियन के 4, ऑप्टोमेट्रिस्ट के 2, डायलिसिस टेक्नीशियन का 1 और ऑडियोलॉजिस्ट एंड स्पीच थेरेपिस्ट का 1 पद है।


अलग-अलग पदों के लिए अलग योग्यता

पैरामेडिकल पदों के लिए शैक्षणिक योग्यता अलग-अलग निर्धारित की गई है। नर्सिंग सुपरिंटेंडेंट के लिए निर्धारित नर्सिंग योग्यता, जबकि फार्मासिस्ट पद के लिए संबंधित फार्मेसी योग्यता और पंजीकरण जरूरी है। अन्य पदों के लिए संबंधित क्षेत्र में डिप्लोमा, डिग्री या निर्धारित तकनीकी योग्यता मांगी गई है।
आयु सीमा भी पद के अनुसार अलग है। अभ्यर्थियों को आवेदन करने से पहले आरआरबी की विस्तृत अधिसूचना में अपने पद की शैक्षणिक योग्यता, आयु सीमा और अन्य पात्रता शर्तों की जांच करनी होगी।


CBT के आधार पर होगा चयन
अभ्यर्थियों का चयन कंप्यूटर आधारित परीक्षा (CBT) के माध्यम से किया जाएगा। इसके बाद निर्धारित प्रक्रिया के तहत दस्तावेज सत्यापन और मेडिकल परीक्षा होगी। परीक्षा की तारीख आरआरबी की ओर से बाद में जारी की जाएगी।


आवेदन शुल्क
सामान्य, ओबीसी और ईडब्ल्यूएस श्रेणी के अभ्यर्थियों के लिए आवेदन शुल्क 500 रुपये निर्धारित है। वहीं एससी, एसटी, दिव्यांग, पूर्व सैनिक, महिला, ट्रांसजेंडर, अल्पसंख्यक और ईबीसी श्रेणी के अभ्यर्थियों के लिए शुल्क 250 रुपये है। सीबीटी में शामिल होने वाले पात्र अभ्यर्थियों को नियमों के अनुसार शुल्क का निर्धारित हिस्सा वापस किया जाएगा।


14 अक्टूबर तक कर सकेंगे आवेदन

इच्छुक अभ्यर्थी 15 सितंबर 2026 से 14 अक्टूबर 2026 रात 11:59 बजे तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। आवेदन आरआरबी के आधिकारिक आवेदन पोर्टल rrbapply.gov.in के माध्यम से किया जा सकेगा। आवेदन से पहले अभ्यर्थियों को CEN 05/2026 की पूरी अधिसूचना ध्यान से पढ़ने की सलाह दी गई है।