उत्तराखंड में स्वाइन फ्लू का बढ़ता संक्रमण, 557 मरीजों में पुष्टि, बच्चे-बुजुर्ग सबसे ज्यादा प्रभावित

उत्तराखंड में स्वाइन फ्लू का बढ़ता संक्रमण, 557 मरीजों में पुष्टि, बच्चे-बुजुर्ग सबसे ज्यादा प्रभावित

देहरादून। उत्तराखंड में बदलते मौसम के बीच मौसमी बीमारियों के साथ स्वाइन फ्लू (H1N1) के मामले भी बढ़ रहे हैं। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार प्रदेश में अब तक 557 मरीजों में स्वाइन फ्लू की पुष्टि हुई है। इनमें से 472 मरीज स्वस्थ हो चुके हैं, जबकि 83 मरीजों का उपचार जारी है। संक्रमण से अब तक दो मरीजों की मौत की जानकारी सामने आई है।

24 घंटे में 24 नए मामले
स्वास्थ्य विभाग के आंकड़ों के मुताबिक पिछले 24 घंटे में प्रदेश में स्वाइन फ्लू के 24 नए मामले सामने आए हैं। इनमें 12 मामले देहरादून और 12 मामले अन्य जिलों से हैं। विभाग की ओर से संदिग्ध मरीजों की जांच और उनकी निगरानी पर विशेष जोर दिया जा रहा है।
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार बच्चों और बुजुर्गों में संक्रमण के मामले भी सामने आ रहे हैं। 557 संक्रमित मरीजों में 1 से 10 वर्ष की उम्र के 88 बच्चे शामिल हैं। वहीं 11 से 20 वर्ष के 47, 21 से 30 वर्ष के 62, 31 से 40 वर्ष के 50, 41 से 50 वर्ष के 54 और 51 से 60 वर्ष के 87 मरीज हैं।
इसके अलावा 61 से 70 वर्ष की उम्र के 94, 71 से 80 वर्ष के 61 और 81 से 100 वर्ष की उम्र के 14 मरीजों में भी संक्रमण की पुष्टि हुई है।

1,572 सैंपल की जांच
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार अब तक 1,572 सैंपल की जांच की जा चुकी है। इनमें देहरादून में 370 और अन्य जिलों में 187 मरीजों के पॉजिटिव पाए जाने की जानकारी दी गई है।
प्रदेश में स्वाइन फ्लू के साथ डेंगू और कोरोना संक्रमण के मामलों पर भी स्वास्थ्य विभाग नजर रख रहा है। बदलते मौसम को देखते हुए चिकित्सा इकाइयों को संदिग्ध मरीजों की जांच, उपचार और स्थिति की लगातार निगरानी के निर्देश दिए गए हैं।

अस्पतालों में निगरानी के निर्देश
स्वास्थ्य विभाग ने सभी चिकित्सा प्रभारियों को स्वाइन फ्लू के मामलों की लगातार मॉनिटरिंग करने को कहा है। अस्पतालों में आने वाले संदिग्ध मरीजों की जांच और उपचार के साथ उनकी स्थिति पर नजर रखने के निर्देश दिए गए हैं। मामलों में बढ़ोतरी होने पर तत्काल आवश्यक कदम उठाने को भी कहा गया है।
देहरादून के सीएमओ मनोज शर्मा ने स्वास्थ्य अधिकारियों को निगरानी बनाए रखने और संदिग्ध मरीजों की जांच पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए हैं।

स्वाइन फ्लू के प्रमुख लक्षण
अचानक तेज बुखार और ठंड लगना
सूखी या बलगम वाली खांसी
गले में दर्द या खराश
सिरदर्द और मांसपेशियों में दर्द
अत्यधिक थकान और कमजोरी
नाक बहना या बंद होना
सांस लेने में परेशानी या सांस फूलना
कुछ बच्चों में उल्टी और दस्त