देहरादून: उत्तराखंड में राज्य शैक्षिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद (SCERT) और जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थानों (DIET) के लिए अब अलग-अलग कैडर बनाया जाएगा। इसके लिए तैयार ड्राफ्ट को अंतिम रूप दे दिया गया है और कार्मिक एवं वित्त विभाग से मंजूरी भी मिल चुकी है। अब प्रस्ताव को कैबिनेट के सामने रखा जाएगा।
SCERT निदेशक बंदना गर्त्याल के मुताबिक, SCERT और DIET के अलग-अलग कैडर के गठन का प्रस्ताव शासन को भेजा गया है। पूर्व में इस संबंध में आई आपत्तियों का निस्तारण किया जा चुका है।
अभी माध्यमिक शिक्षा विभाग से होती है तैनाती
वर्तमान में SCERT और DIET में माध्यमिक शिक्षा विभाग से शिक्षकों को स्थानांतरण के आधार पर तैनाती दी जाती है। दूसरी ओर, माध्यमिक शिक्षा विभाग में पहले से ही शिक्षकों की कमी बनी हुई है। विभाग में चार हजार से अधिक पदों पर अतिथि शिक्षकों की तैनाती भी की गई है। अलग कैडर बनने के बाद SCERT और DIET में शिक्षकों एवं अधिकारियों की नियुक्ति के लिए अलग व्यवस्था होगी। इसके लिए अलग से सेवा नियमावली तैयार की जाएगी।
SCERT में प्रोफेसर और अपर निदेशक के पद
प्रस्तावित व्यवस्था के तहत SCERT में असिस्टेंट प्रोफेसर, एसोसिएट प्रोफेसर और प्रोफेसर के पदों के साथ अपर निदेशक और निदेशक के पद शामिल होंगे। वहीं, DIET में प्रवक्ता, उप प्राचार्य और प्राचार्य के पद होंगे। अलग कैडर बनने से DIET में अकादमिक संवर्ग के अधिकारियों और शिक्षकों की तैनाती का प्रावधान होगा, जबकि SCERT में अधिकारियों के पद प्रशासनिक संवर्ग के होंगे।
नई व्यवस्था लागू होने के बाद इन संस्थानों में शिक्षकों और अधिकारियों की तैनाती के लिए अलग भर्ती एवं सेवा नियमों का रास्ता साफ होगा। कैबिनेट की मंजूरी के बाद आगे की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।