देहरादून: उत्तराखंड में फर्जी दस्तावेजों के आधार पर सरकारी नौकरी हासिल करने की शिकायतें अब वन विभाग तक पहुंच गई हैं। शिक्षा विभाग के बाद वन विभाग में भी वन आरक्षी, वन दरोगा और डिप्टी रेंजर की नियुक्तियों को लेकर सवाल उठ रहे हैं। शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए विभाग ने जांच और नोटिस जारी करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
वन आरक्षी को नोटिस, डिप्टी रेंजर से मांगा जाएगा जवाब
विभागीय जानकारी के अनुसार, एक वन आरक्षी को नोटिस जारी किया जा चुका है। वहीं, एक डिप्टी रेंजर के खिलाफ शिकायत मिलने के बाद नोटिस भेजने की तैयारी है। इसके अलावा दो वन दरोगाओं के खिलाफ भी शिकायतें प्राप्त हुई हैं। इनमें से एक शिकायत हाल ही में हरिद्वार से मिली है, जिस पर विभाग स्तर पर निर्णय लिया जाना है।
एक अन्य वन आरक्षी के खिलाफ पहले ही विभागीय कार्रवाई हो चुकी है। इस मामले में प्रकरण न्यायालय में विचाराधीन बताया गया है।
जाति प्रमाणपत्र और शैक्षिक दस्तावेजों में गड़बड़ी के आरोप
वन विभाग को मिली शिकायतों में फर्जी जाति प्रमाणपत्र, शैक्षिक योग्यता से जुड़े दस्तावेजों में गड़बड़ी और नौकरी हासिल करने के लिए गलत शपथपत्र प्रस्तुत करने जैसे आरोप शामिल हैं। इन शिकायतों के बाद नियुक्ति के समय जमा किए गए प्रमाणपत्रों और आरक्षण संबंधी दस्तावेजों के सत्यापन पर भी सवाल उठ रहे हैं। जांच में आरोप सही मिले तो होगी कार्रवाईवन विभाग के मुख्य वन संरक्षक (मानव संसाधन विकास) पीके पात्रो के मुताबिक, विभाग को लगातार इस तरह की शिकायतें मिल रही हैं। कुछ मामलों में नोटिस जारी किए गए हैं। नोटिस की प्रक्रिया पूरी होने के बाद प्रत्येक मामले की अलग-अलग जांच कराई जाएगी। यदि जांच में फर्जी दस्तावेजों के आधार पर नौकरी हासिल करने की पुष्टि होती है तो संबंधित कर्मचारियों के खिलाफ नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।
नियुक्ति के समय दस्तावेजों के सत्यापन पर सवाल
उत्तराखंड में इससे पहले शिक्षा विभाग में भी फर्जी प्रमाणपत्रों के आधार पर नौकरी पाने के मामले सामने आ चुके हैं। अब वन विभाग में मिली शिकायतों ने नियुक्ति के दौरान दस्तावेजों के सत्यापन की प्रक्रिया पर सवाल खड़े किए हैं।
फिलहाल वन विभाग की जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि शिकायतों में लगाए गए आरोप कितने सही हैं और किन कर्मचारियों के दस्तावेजों में अनियमितता पाई गई है।