देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मुख्यमंत्री आवास में विश्व आपदा प्रबंधन सम्मेलन का शुभारंभ किया। तीन दिवसीय इस अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन में 50 से अधिक देशों के प्रतिनिधि, आपदा प्रबंधन विशेषज्ञ, वैज्ञानिक, शिक्षाविद् और विभिन्न विश्वविद्यालयों एवं तकनीकी संस्थानों के प्रतिनिधि शामिल हो रहे हैं। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने हिमालयन इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी, देहरादून के कॉरपस फंड के लिए एक करोड़ रुपये देने की घोषणा की।
मुख्यमंत्री ने सम्मेलन में पहुंचे अतिथियों और प्रतिभागियों का स्वागत करते हुए आयोजन से जुड़ी हिमालयन एकेडमी ऑफ साइंस एंड टेक्नोलॉजी सहित सभी संस्थाओं और आयोजकों का आभार जताया। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड के सभी 13 जनपदों, देश के विभिन्न राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों के साथ करीब 50 देशों की भागीदारी यह दर्शाती है कि आपदा प्रबंधन अब किसी एक क्षेत्र या देश तक सीमित नहीं, बल्कि पूरी मानवता की साझा जिम्मेदारी है।
सिलक्यारा रेस्क्यू ऑपरेशन को किया याद
मुख्यमंत्री ने 28 नवंबर को उत्तराखंड के लिए विशेष महत्व का दिन बताते हुए वर्ष 2023 के सिलक्यारा सुरंग बचाव अभियान को याद किया। उन्होंने कहा कि 17 दिनों के अथक प्रयासों के बाद सुरंग में फंसे 41 श्रमिकों को सुरक्षित बाहर निकालना मानवता, साहस, धैर्य और सामूहिक संकल्प की ऐतिहासिक सफलता थी।
उन्होंने श्रमिक गब्बर सिंह नेगी सहित सभी श्रमिकों के धैर्य और साहस की सराहना की। साथ ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लगातार मार्गदर्शन और सहयोग का उल्लेख किया। मुख्यमंत्री ने इस अभियान में योगदान देने वाले इंजीनियरों, वैज्ञानिकों, रैट माइनर्स, सेना, एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, केंद्रीय एवं राज्य एजेंसियों, प्रशासनिक अधिकारियों और स्थानीय नागरिकों का आभार व्यक्त किया।
आपदा प्रबंधन में पूर्व तैयारी पर जोर
मुख्यमंत्री ने कहा कि जलवायु परिवर्तन के कारण दुनिया के विभिन्न हिस्सों में अत्यधिक वर्षा, बाढ़, सूखा, भूस्खलन, वनाग्नि और चरम मौसमी घटनाएं बढ़ती चुनौतियां बन रही हैं। इनका असर जनजीवन के साथ अर्थव्यवस्था, कृषि और प्राकृतिक संसाधनों पर भी पड़ता है। ऐसे में आपदा प्रबंधन के लिए वैश्विक स्तर पर अनुभवों का आदान-प्रदान और साझा कार्ययोजना जरूरी है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश आपदा आने के बाद राहत और बचाव तक सीमित रहने के बजाय पूर्वानुमान, पूर्व तैयारी और जोखिम कम करने की दिशा में काम कर रहा है।
हिमालयी क्षेत्रों की चुनौतियों पर विशेष चर्चा की जरूरत
मुख्यमंत्री ने उत्तराखंड सहित पूरे हिमालयी क्षेत्र को पर्यावरणीय और भौगोलिक दृष्टि से संवेदनशील बताया। उन्होंने वर्ष 2013 की केदारनाथ आपदा, 2021 की चमोली आपदा और सिलक्यारा सुरंग घटना का उल्लेख करते हुए कहा कि हिमालयी क्षेत्रों में विकास और पर्यावरण के बीच संतुलन बनाए रखना जरूरी है। उन्होंने हिमाचल प्रदेश, सिक्किम, अरुणाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, नेपाल, भूटान और तिब्बत जैसे क्षेत्रों की समान चुनौतियों का जिक्र करते हुए सम्मेलन में हिमालयी क्षेत्र की समस्याओं और उनके समाधान पर विशेष ध्यान देने की आवश्यकता बताई।