देहरादून। जिलाधिकारी सविन बंसल की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में महिला कल्याण विभाग के तहत मिशन वात्सल्य योजना की जिला बाल कल्याण एवं संरक्षण समिति (डीसीडब्ल्यूपीसी) की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में बाल संरक्षण से जुड़ी योजनाओं की गहन समीक्षा करते हुए कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।
जिलाधिकारी ने सभी संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि बाल संरक्षण के मामलों में संवेदनशीलता, त्वरित कार्रवाई और बेहतर समन्वय सुनिश्चित किया जाए। साथ ही संस्थाओं की नियमित निगरानी और मानकों के पालन में लापरवाही बरतने पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी।
नारी निकेतन के लिए बजट स्वीकृत
नारी निकेतन में रह रही मानसिक रूप से दिव्यांग बच्चियों, महिलाओं और किशोरियों के उपचार में स्टाफ की कमी को देखते हुए जिलाधिकारी ने तत्काल केयरटेकर पद के लिए जिला योजना से बजट स्वीकृत किया। साथ ही मुख्य चिकित्सा अधिकारी को नर्सिंग स्टाफ की व्यवस्था करने के निर्देश दिए।
पीएम केयर्स योजना के बच्चों से संवाद
जिलाधिकारी ने पीएम केयर्स चिल्ड्रन योजना के लाभार्थी बच्चों से संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि बच्चों को समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण लाभ सुनिश्चित किया जाए तथा उनकी शिक्षा और स्वास्थ्य पर विशेष ध्यान दिया जाए।
दिवंगत कर्मी की बेटी को आर्थिक सहायता
मानवीय पहल के तहत राजकीय शिशु सदन केदारपुरम में कार्यरत दिवंगत संविदा कर्मी की पुत्री को शिक्षा हेतु ₹25,000 की सहायता राशि प्रदान की गई। जिलाधिकारी ने कहा कि प्रशासन जरूरतमंदों के साथ हर समय खड़ा है।
275 बच्चे बालगृहों में निवासरत
जिला प्रोबेशन अधिकारी के अनुसार जनपद में 19 राजकीय एवं स्वैच्छिक बालगृह संचालित हैं, जिनमें कुल 275 बच्चे रह रहे हैं। इसके अलावा चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 और बाल कल्याण समिति के कार्यों की भी समीक्षा की गई।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी अभिनव शाह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और बाल संरक्षण से जुड़े संस्थानों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।