देहरादून। मौसम विभाग द्वारा 12 और 13 मई को प्रदेश के कई हिस्सों, विशेषकर पर्वतीय क्षेत्रों में बारिश और खराब मौसम की संभावना को देखते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इसे गंभीरता से लेते हुए प्रशासन ने चारधाम यात्रा 2026 पर आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों से विशेष सावधानी बरतने की अपील की है।
गढ़वाल आयुक्त ने श्रद्धालुओं से कहा है कि यात्रा पर निकलने से पहले मौसम की ताज़ा जानकारी जरूर लें और उसी के अनुसार अपनी यात्रा की योजना बनाएं। उन्होंने विशेष रूप से 12 और 13 मई के दौरान यात्रा कार्यक्रम तय करते समय अतिरिक्त सतर्कता बरतने की सलाह दी है।
आयुक्त ने कहा कि यदि संभव हो तो मौसम सामान्य होने के बाद यात्रा करना अधिक सुरक्षित और सुविधाजनक रहेगा। यात्रा के दौरान प्रशासन और स्थानीय अधिकारियों द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की भी अपील की गई है, ताकि यात्रा सुरक्षित और सुचारु बनी रहे।
उन्होंने बताया कि राज्य सरकार चारधाम यात्रा को सुरक्षित, व्यवस्थित और सुगम बनाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। सभी संबंधित विभागों को आवश्यक तैयारियां और व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
प्रशासन ने श्रद्धालुओं से धैर्य और सतर्कता बनाए रखने की अपील करते हुए विश्वास जताया कि सभी के सहयोग से यात्रा सुरक्षित और सफलतापूर्वक संपन्न होगी।