देहरादून: राजधानी देहरादून स्थित पैनेसिया हॉस्पिटल में हुई आग की घटना को लेकर राज्य सरकार ने सख्त रुख अपनाया है। स्वास्थ्य मंत्री Subodh Uniyal ने घटना को अत्यंत दुखद और चिंताजनक बताते हुए दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई का भरोसा दिया है।
घटना से प्रभावित लोगों से मुलाकात करने के बाद स्वास्थ्य मंत्री ने अस्पताल पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया और संबंधित अधिकारियों से पूरे मामले की विस्तृत जानकारी ली। इस दौरान उन्होंने राहत एवं उपचार व्यवस्थाओं की भी समीक्षा की।
स्वास्थ्य मंत्री ने बताया कि मामले की मजिस्ट्रियल जांच के आदेश दे दिए गए हैं। जांच में जो भी व्यक्ति या संस्था लापरवाही या अन्य किसी स्तर पर दोषी पाई जाएगी, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रभावित मरीजों को बेहतर चिकित्सा सुविधा और हर संभव सहायता उपलब्ध कराई जाए। साथ ही पूरे मामले पर प्रशासन लगातार निगरानी बनाए हुए है ताकि राहत और जांच प्रक्रिया प्रभावी ढंग से आगे बढ़ सके।