उत्तरकाशी। चारधाम यात्रा 2026 के तहत जनपद उत्तरकाशी स्थित श्री गंगोत्री और श्री यमुनोत्री धाम में श्रद्धालुओं का उत्साह लगातार बढ़ रहा है। भारी संख्या में पहुंच रहे यात्रियों के बीच जिला प्रशासन की ओर से यात्रा संचालन को व्यवस्थित और सुरक्षित बनाए रखने के लिए व्यापक इंतजाम किए गए हैं।
जिलाधिकारी प्रशांत आर्य के निर्देशन में यात्रा मार्गों, ट्रैक रूटों और संवेदनशील क्षेत्रों में लगातार निगरानी रखी जा रही है। प्रशासन की सक्रियता के चलते श्रद्धालु दोनों धामों में सुचारू रूप से दर्शन कर रहे हैं।
शनिवार शाम 6:30 बजे तक दोनों धामों में कुल 36,186 श्रद्धालुओं ने दर्शन किए। इनमें श्री यमुनोत्री धाम में 18,885 और श्री गंगोत्री धाम में 17,301 श्रद्धालु पहुंचे। वहीं, चालू यात्रा सीजन में अब तक दोनों धामों में दर्शन करने वाले श्रद्धालुओं की कुल संख्या 7,44,379 तक पहुंच गई है।
यात्रा को सुगम बनाने के लिए यातायात व्यवस्था भी मजबूत की गई है। शनिवार को कुल 3,590 वाहनों का संचालन हुआ, जिनमें 986 बड़े और 2,604 छोटे वाहन शामिल रहे। इनमें से 1,940 वाहन यमुनोत्री और 1,650 वाहन गंगोत्री धाम की ओर रवाना किए गए। अब तक यात्रा सीजन में कुल 72,440 वाहनों के जरिए श्रद्धालुओं को परिवहन सुविधा उपलब्ध कराई जा चुकी है।
स्वास्थ्य विभाग भी यात्रा के दौरान पूरी तरह अलर्ट मोड में है। शनिवार को 8,829 यात्रियों की स्वास्थ्य स्क्रीनिंग की गई, जबकि 187 यात्रियों का विस्तृत स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। इनमें यमुनोत्री मार्ग पर 5,868 और गंगोत्री मार्ग पर 2,961 यात्रियों की जांच हुई। अब तक कुल 1,91,926 श्रद्धालुओं की स्वास्थ्य जांच और 16,601 यात्रियों का विस्तृत परीक्षण किया जा चुका है।
जिला प्रशासन ने यात्रियों से मौसम संबंधी अपडेट पर नजर रखने, स्वास्थ्य जांच कराने और यात्रा के दौरान जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है।