गढ़वाल मंडल के नए आयुक्त बने आनंद स्वरूप, पूर्व आयुक्त विनय शंकर पांडेय से की मुलाकात

गढ़वाल मंडल के नए आयुक्त बने आनंद स्वरूप, पूर्व आयुक्त विनय शंकर पांडेय से की मुलाकात

देहरादून। गढ़वाल मंडल के नए आयुक्त आनंद स्वरूप (आईएएस, 2010 बैच) ने सोमवार को विधिवत कार्यभार ग्रहण कर लिया। कार्यभार संभालने के बाद उन्होंने पूर्व मंडलायुक्त एवं सचिव मुख्यमंत्री विनय शंकर पांडेय से शिष्टाचार मुलाकात की और मंडल से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की।

बैठक के दौरान चारधाम यात्रा प्रबंधन, जनहित से जुड़े कार्यों और प्रशासनिक समन्वय को लेकर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया। नए मंडलायुक्त ने अब तक यात्रा संचालन के लिए किए गए प्रबंधन और व्यवस्थाओं की जानकारी ली तथा पूर्व आयुक्त से आवश्यक मार्गदर्शन भी प्राप्त किया।

इस दौरान यात्रा मार्गों पर श्रद्धालुओं की सुविधाओं, यातायात प्रबंधन और विभिन्न विभागों के बीच बेहतर तालमेल सुनिश्चित करने पर विशेष चर्चा की गई। साथ ही गढ़वाल मंडल में संचालित विकास कार्यों और जनकल्याण योजनाओं की प्रगति की भी समीक्षा की गई।

कार्यभार ग्रहण करने के बाद आनंद स्वरूप ने कहा कि सरकार की प्राथमिकताओं के अनुरूप पारदर्शी और जनकेंद्रित प्रशासन को आगे बढ़ाया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित कर मंडल में विकास कार्यों और प्रशासनिक व्यवस्था को और प्रभावी बनाने की प्रतिबद्धता जताई।