उत्तराखंड में बकरीद की छुट्टी की तारीख बदली, अब 28 मई को रहेगा सार्वजनिक अवकाश

उत्तराखंड में बकरीद की छुट्टी की तारीख बदली, अब 28 मई को रहेगा सार्वजनिक अवकाश

देहरादून। उत्तराखंड सरकार ने ईद-उल-जुहा (बकरीद) के सार्वजनिक अवकाश की तारीख में बदलाव किया है। शासन की ओर से जारी संशोधित अधिसूचना के अनुसार अब राज्य में पहले घोषित 27 मई 2026 के स्थान पर 28 मई 2026 (बृहस्पतिवार) को सार्वजनिक अवकाश रहेगा।

प्रशासन विभाग द्वारा जारी आदेश में कहा गया है कि 24 दिसंबर 2025 को जारी वार्षिक अवकाश सूची में बकरीद के लिए 27 मई की छुट्टी निर्धारित की गई थी, लेकिन बाद में पुनर्विचार के बाद अवकाश की तिथि संशोधित कर 28 मई कर दी गई है।

सरकार के इस फैसले के तहत राज्य के सभी सरकारी कार्यालयों के साथ-साथ बैंक, कोषागार और उप-कोषागार भी 28 मई को बंद रहेंगे। शासन ने यह अवकाश निगोशिएबल इंस्ट्रूमेंट एक्ट, 1881 की धारा-25 के अंतर्गत घोषित किया है।

इस संबंध में शासन ने सभी प्रमुख सचिवों, जिलाधिकारियों, विभागाध्यक्षों, पुलिस महानिदेशक तथा संबंधित विभागों को आदेश की प्रति भेज दी है।

राज्य सरकार ने स्पष्ट किया है कि पूर्व में जारी अवकाश अधिसूचना केवल तारीख के संबंध में संशोधित मानी जाएगी, जबकि अन्य सभी शर्तें पूर्ववत लागू रहेंगी।