समाज कल्याण विभाग की छात्रवृत्ति योजनाओं के लिए आवेदन शुरू, 30 सितंबर अंतिम तिथि, जानिए जरूरी दस्तावेज और प्रक्रिया

समाज कल्याण विभाग की छात्रवृत्ति योजनाओं के लिए आवेदन शुरू, 30 सितंबर अंतिम तिथि, जानिए जरूरी दस्तावेज और प्रक्रिया

देहरादून। उत्तराखंड समाज कल्याण एवं जनजाति कल्याण विभाग ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए पूर्वदशम और दशमोत्तर छात्रवृत्ति योजनाओं के ऑनलाइन आवेदन शुरू कर दिए हैं। राज्य के पात्र छात्र-छात्राएं 2 जून से 30 सितंबर 2026 तक राष्ट्रीय छात्रवृत्ति पोर्टल (NSP) के माध्यम से आवेदन कर सकेंगे।

विभाग की ओर से जारी सूचना के अनुसार छात्रवृत्ति के लिए आवेदन करने से पहले विद्यार्थियों को राष्ट्रीय छात्रवृत्ति पोर्टल पर वन टाइम रजिस्ट्रेशन (OTR) करना अनिवार्य होगा। ओटीआर जनरेट करने के बाद अभ्यर्थी पोर्टल पर लॉगिन कर आवश्यक दस्तावेज अपलोड करते हुए आवेदन प्रक्रिया पूरी कर सकेंगे।

बैंक खाता आधार से लिंक होना जरूरी
समाज कल्याण विभाग ने छात्र-छात्राओं को सलाह दी है कि वे अपने बैंक खाते को आधार से लिंक कर लें और छात्रवृत्ति की राशि प्राप्त होने तक खाते को सक्रिय रखें। साथ ही शिक्षण संस्थानों के नोडल अधिकारियों और संस्थाध्यक्षों को फेस ऑथेंटिकेशन प्रक्रिया पूर्ण करने के निर्देश दिए गए हैं।

आवेदन में सही श्रेणी और योजना का चयन करें
आवेदन करते समय विद्यार्थियों को अपनी श्रेणी जैसे अनुसूचित जाति (SC), अनुसूचित जनजाति (ST), अन्य पिछड़ा वर्ग (OBC) या आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (EWS) का सही उल्लेख करना होगा। इसके अलावा संबंधित शिक्षण संस्थान का एआईसीटीई, एनसीटीई, एमसीआई या अन्य सक्षम नियामक संस्थाओं से मान्यता प्राप्त होना भी अनिवार्य है।

ये दस्तावेज होंगे जरूरी
छात्रवृत्ति आवेदन के लिए आधार कार्ड, उत्तराखंड का मूल निवास प्रमाण पत्र, जाति या ईडब्ल्यूएस प्रमाण पत्र, अद्यतन आय प्रमाण पत्र, पिछली कक्षा की अंकतालिका, बोनाफाइड प्रमाण पत्र, फीस रसीद, बैंक पासबुक की प्रति और पासपोर्ट साइज फोटो आवश्यक होंगे।

सहायता के लिए जारी किए हेल्पलाइन नंबर
छात्रवृत्ति आवेदन से जुड़ी किसी भी तकनीकी समस्या या जानकारी के लिए विभाग ने टोल फ्री नंबर 18001804236, मोबाइल नंबर 6395221188 तथा ई-मेल swditcell@gmail.com और itcell-swd-uk@nic.in जारी किए हैं। अभ्यर्थी विभागीय वेबसाइट पर उपलब्ध ‘इम्पोर्टेंट लिंक’ सेक्शन से भी विस्तृत जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।