होम स्टे योजना में भ्रष्टाचार के आरोप पर बड़ी कार्रवाई, देहरादून के जिला पर्यटन विकास अधिकारी निलंबित

होम स्टे योजना में भ्रष्टाचार के आरोप पर बड़ी कार्रवाई, देहरादून के जिला पर्यटन विकास अधिकारी निलंबित

देहरादून। उत्तराखंड पर्यटन विकास परिषद (UTDB) ने भ्रष्टाचार और अनियमितताओं के आरोपों के बीच बड़ी प्रशासनिक कार्रवाई करते हुए देहरादून के जिला पर्यटन विकास अधिकारी बृजेन्द्र पांडेय को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। इस संबंध में परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी धीराज सिंह गर्ब्याल ने निलंबन आदेश जारी किए हैं।

जानकारी के अनुसार, पंडित दीनदयाल उपाध्याय होम स्टे योजना के तहत लाभार्थियों को अनुदान राशि जारी करने के बदले भ्रष्टाचार और अनियमितता के गंभीर आरोप सामने आए थे। हाल ही में सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुआ था, जिसमें होम स्टे योजना के तहत अनुदान वितरण में कथित गड़बड़ी और लेन-देन के आरोप लगाए गए थे। वीडियो वायरल होने के बाद मामला सुर्खियों में आया और विभाग ने इसकी जांच शुरू कर दी।

प्रारंभिक जांच और विभिन्न माध्यमों से प्राप्त शिकायतों के आधार पर उत्तराखंड पर्यटन विकास परिषद ने संबंधित अधिकारी को निलंबित कर दिया। विभागीय अधिकारियों के अनुसार, पूरे मामले की विस्तृत जांच कराई जाएगी और जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

गौरतलब है कि राज्य सरकार पर्यटन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से होम स्टे योजना के तहत पात्र लाभार्थियों को आर्थिक सहायता उपलब्ध करा रही है। ऐसे में योजना के क्रियान्वयन में भ्रष्टाचार और अनियमितता के आरोप सामने आने के बाद विभाग ने सख्त रुख अपनाया है।

फिलहाल इस मामले में विभागीय जांच जारी है और सभी की निगाहें जांच रिपोर्ट तथा आगे की कार्रवाई पर टिकी हुई हैं।