मसूरी पहुंचे शाहिद कपूर, बेटी मिशा का वुडस्टॉक स्कूल के समर प्रोग्राम में कराया दाखिला

मसूरी पहुंचे शाहिद कपूर, बेटी मिशा का वुडस्टॉक स्कूल के समर प्रोग्राम में कराया दाखिला

मसूरी। बॉलीवुड अभिनेता शाहिद कपूर रविवार शाम अपनी पत्नी मीरा राजपूत कपूर, बेटी मिशा कपूर और बेटे जैन कपूर के साथ मसूरी पहुंचे। यहां उन्होंने अपनी बेटी मिशा का एक प्रतिष्ठित स्कूल के समर प्रोग्राम में दाखिला कराया। बेटी को छात्रावास में छोड़ने के बाद शाहिद परिवार सहित मुंबई लौट गए।


स्कूल का यह वर्ष का दूसरा समर प्रोग्राम है, जिसमें देश-विदेश से 151 बच्चे हिस्सा ले रहे हैं। करीब 12 दिनों तक चलने वाले इस कार्यक्रम में बच्चों के लिए शैक्षणिक, रचनात्मक, खेल और सांस्कृतिक गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा।
स्कूल परिसर में शाहिद कपूर ने मुख्य भवन, कैफेटेरिया और छात्रावास का निरीक्षण किया। उन्होंने परिसर की प्राकृतिक सुंदरता का भी आनंद लिया और व्यवस्थाओं की जानकारी ली।


शाहिद कपूर के मसूरी पहुंचने की खबर मिलते ही स्कूल परिसर और आसपास उनके प्रशंसकों की भीड़ जुट गई। अभिनेता ने मीडिया से दूरी बनाए रखी और किसी भी तरह की बातचीत नहीं की। हालांकि, उन्होंने अपने प्रशंसकों का मुस्कुराकर अभिवादन किया और कई लोगों के साथ तस्वीरें भी खिंचवाईं।
बताया जा रहा है कि शाहिद कपूर का यह दौरा पूरी तरह निजी था और उनका मुख्य उद्देश्य बेटी मिशा को समर प्रोग्राम में छोड़ना था।