उत्तराखंड की बड़ी उपलब्धि, देश का पहला महिला स्पोर्ट्स कॉलेज शुरू

उत्तराखंड की बड़ी उपलब्धि, देश का पहला महिला स्पोर्ट्स कॉलेज शुरू

देहरादून। उत्तराखंड ने खेल और महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल करते हुए देश के पहले समर्पित महिला स्पोर्ट्स कॉलेज की शुरुआत कर दी है। चम्पावत जिले के लोहाघाट में स्थापित इस कॉलेज के पहले बैच के लिए आयोजित चयन परीक्षा का परिणाम जारी कर दिया गया है, जिसमें 30 प्रतिभाशाली बालिकाओं का चयन हुआ है।


इस अवसर पर प्रदेश की खेल मंत्री रेखा आर्या ने चयनित छात्राओं और उनके अभिभावकों को शुभकामनाएं देते हुए इसे उत्तराखंड की बेटियों के लिए गौरवपूर्ण क्षण बताया। उन्होंने कहा कि यह केवल एक शैक्षणिक संस्थान नहीं, बल्कि उन बेटियों के सपनों को उड़ान देने का मंच है जो खेलों में देश का नाम रोशन करना चाहती हैं।

खेल मंत्री ने कहा कि भारत का यह पहला महिला स्पोर्ट्स कॉलेज बेटियों को विश्वस्तरीय खेल प्रशिक्षण और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा एक ही परिसर में उपलब्ध कराएगा। इससे खासकर ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों की प्रतिभाशाली खिलाड़ी बिना किसी बाधा के अपने खेल कौशल को निखार सकेंगी।

उन्होंने विश्वास जताया कि इस कॉलेज से तैयार होने वाली खिलाड़ी भविष्य में ओलंपिक, एशियन गेम्स और अन्य अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भारत का तिरंगा बुलंद करेंगी। रेखा आर्या ने कहा कि पहले बैच की 30 बेटियां आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा बनेंगी और यह पहल महिला सशक्तिकरण की दिशा में एक बड़ा कदम साबित होगी।
खेल मंत्री ने कहा कि यह शुरुआत भर है और आने वाले समय में उत्तराखंड की बेटियां खेल जगत में नए कीर्तिमान स्थापित कर देश और प्रदेश का नाम पूरी दुनिया में रोशन करेंगी।