देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने राज्य के विकास, धार्मिक पर्यटन, आधारभूत सुविधाओं और जनकल्याण से जुड़ी विभिन्न योजनाओं के लिए करोड़ों रुपये की वित्तीय स्वीकृति प्रदान की है।
मुख्यमंत्री ने राज्य सेक्टर के तहत देहरादून के टपकेश्वर महादेव, गढ़ी डाकरा कैंट क्षेत्र में 8 एमएलडी क्षमता के सीवर शोधन संयंत्र (STP) के निर्माण के लिए भूमि क्रय हेतु ₹6.62 करोड़ की स्वीकृति दी है। इसके साथ ही नाबार्ड वित्तपोषित 21 विकास योजनाओं के लिए ₹41.37 करोड़ मंजूर किए गए हैं।
कुंभ मेला-2027 की तैयारियों को गति देते हुए मुख्यमंत्री ने बल्ली बैरिकेडिंग, चक्रव्यूह बैरियर और अस्थायी फायर वॉच टावर के लिए ₹5.46 करोड़ तथा 8 अस्थायी रैन बसेरों के निर्माण के लिए ₹6.85 करोड़ की धनराशि स्वीकृत की है।
धार्मिक स्थलों के विकास के तहत अल्मोड़ा जिले के द्वाराहाट विधानसभा क्षेत्र स्थित सुकेश्वर महादेव मंदिर के जीर्णोद्धार कार्य को पूरा करने के लिए ₹1.24 करोड़ की स्वीकृति देते हुए प्रथम किस्त के रूप में ₹74.83 लाख जारी किए गए हैं। वहीं, अल्मोड़ा के सेराघाट स्थित मां मंगला भगवती मंदिर परिसर में धर्मशाला निर्माण के लिए ₹72.83 लाख तथा प्रथम किस्त के रूप में ₹43.69 लाख स्वीकृत किए गए हैं। पिथौरागढ़ जिले के मूनाकोट ब्लॉक स्थित बुद्धेश्वर मंदिर के सौंदर्यीकरण, दीवार और धर्मशाला निर्माण के लिए ₹22 लाख मंजूर किए गए हैं।
ऊधम सिंह नगर जिले के किच्छा विधानसभा क्षेत्र के ग्राम दरऊ में डॉ. भीमराव आंबेडकर पार्क एवं तालाब के सौंदर्यीकरण के लिए ₹25 लाख की स्वीकृति दी गई है।
मुख्यमंत्री ने उत्तराखंड के भूतपूर्व सैनिकों के इंजीनियरिंग, मेडिकल और पीएचडी की पढ़ाई कर रहे छात्र-छात्राओं को छात्रवृत्ति उपलब्ध कराने के लिए कारगिल शहीद परिवार मुख्यमंत्री सहायता कोष से ₹36.84 लाख की धनराशि भी मंजूर की है।
इसके अलावा मुख्यमंत्री ने चमोली, उत्तरकाशी, पिथौरागढ़, चंपावत और ऊधम सिंह नगर के वाइब्रेंट विलेज में कानून-व्यवस्था, दस्तावेज सत्यापन, चरित्र प्रमाण पत्र, साइबर जागरूकता और पुलिस से संबंधित शिकायतों के समाधान के लिए ‘थाना दिवस’ और ‘रात्रि चौपाल’ जैसे कार्यक्रम संचालित करने के प्रस्ताव को भी मंजूरी प्रदान की है।
इन स्वीकृतियों से राज्य में आधारभूत ढांचे के विकास, धार्मिक पर्यटन, शिक्षा, सुरक्षा और ग्रामीण क्षेत्रों में जनसेवाओं को मजबूती मिलने की उम्मीद है।