बद्रीनाथ चढ़ावा चोरी मामले में SIT का बड़ा एक्शन, तीसरा आरोपी गिरफ्तार, कमरे से आभूषण और नकदी बरामद

बद्रीनाथ चढ़ावा चोरी मामले में SIT का बड़ा एक्शन, तीसरा आरोपी गिरफ्तार, कमरे से आभूषण और नकदी बरामद

चमोली। बद्रीनाथ मंदिर में चढ़ावे और दान सामग्री की चोरी के मामले में SIT ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान मनोज कुमार के रूप में हुई है। आरोप है कि वह वीआईपी दर्शन कराने के नाम पर श्रद्धालुओं से मिलने वाली दान की रकम और सामग्री को अपने पास रख लेता था।

SIT के अनुसार, जांच के दौरान 25 और 29 जून की CCTV फुटेज खंगाली गई। फुटेज में आरोपी मनोज कुमार दान सामग्री अपनी जेब में रखते हुए दिखाई दिया। इसके आधार पर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपी ने चोरी की बात स्वीकार की है।

विद्युत परियोजना में सुरक्षाकर्मी था आरोपी
जानकारी के अनुसार, आरोपी मनोज कुमार जेपी पावर वेंचर्स लिमिटेड की लामबगड़ जल विद्युत परियोजना में सुरक्षाकर्मी के रूप में कार्यरत था। SIT ने मामले में उसकी भूमिका सामने आने के बाद उसके ठिकाने पर छापेमारी की।

तलाशी के दौरान आरोपी के कमरे से चांदी और अन्य धातुओं के आभूषण, सिक्के, प्रतिमा, कंगन, ब्रेसलेट और दंड समेत चोरी की सामग्री बरामद हुई। इसके अलावा चोरी की सामग्री बेचकर मिली करीब 6 हजार रुपये की नकदी भी बरामद की गई है।

मामले में अब तक तीन गिरफ्तार
बद्रीनाथ चढ़ावा चोरी मामले में SIT की यह तीसरी गिरफ्तारी है। इससे पहले प्रमोद नौटियाल और राजेंद्र चौहान को गिरफ्तार किया जा चुका है।

SIT अब गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर रही है और मामले में अन्य संभावित आरोपियों तथा चोरी की सामग्री के संबंध में भी जांच आगे बढ़ाई जा रही है।