राजकीय महाविद्यालय देवप्रयाग में स्वागत-विदाई समारोह, नवागत शिक्षकों का किया स्वागत

राजकीय महाविद्यालय देवप्रयाग में स्वागत-विदाई समारोह, नवागत शिक्षकों का किया स्वागत


देवप्रयाग, 11 अगस्त 2026। राजकीय महाविद्यालय देवप्रयाग में स्टाफ क्लब की ओर से प्राचार्य डॉ. नर्वदेश्वर शुक्ला की अध्यक्षता में स्वागत एवं विदाई समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ एवं संचालन डॉ. ओम प्रकाश ने किया।
इस दौरान महाविद्यालय में नव नियुक्त शिक्षकों डॉ. इंदिरा जुगराण, डॉ. संतोष, डॉ. अनिल कुमार, डॉ. मंजू भंडारी और डॉ. संध्या रावत का फूल-मालाओं से स्वागत किया गया। वहीं स्थानांतरित होकर जा रहे शिक्षकों को स्मृति चिह्न भेंट कर विदाई दी गई। नमामि गंगे के नोडल अधिकारी डॉ. सुबोध ने भी विदा हो रहे प्राध्यापकों को नमामि गंगे के स्मृति चिह्न प्रदान किए।


कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि शिक्षक समाज के निर्माता होते हैं। उनके ज्ञान, सेवा और समर्पण से विद्यार्थी अपने भविष्य को बेहतर दिशा देते हैं। वक्ताओं ने डॉ. महेशानंद नौटियाल के कार्यकाल के दौरान छात्र हित और शिक्षा के क्षेत्र में किए गए कार्यों की सराहना की। वहीं प्रभारी प्राचार्य के रूप में श्रीमती अर्चना धपवाल के अनुशासन और मार्गदर्शन की भी प्रशंसा की गई।


इस अवसर पर महाविद्यालय के शिक्षकों ने अपने अनुभव साझा किए और संस्थान की उन्नति के लिए मिलकर कार्य करने का संकल्प लिया। अंत में प्राचार्य डॉ. नर्वदेश्वर शुक्ला के अध्यक्षीय संबोधन के बाद डॉ. लीना ने धन्यवाद ज्ञापित किया।


नवप्रवेशित छात्र-छात्राओं के लिए अभिविन्यास कार्यक्रम भी आयोजित

महाविद्यालय में नवप्रवेशित छात्र-छात्राओं के शैक्षिक नववर्ष के लिए अभिविन्यास कार्यक्रम का भी आयोजन किया गया। कार्यक्रम का संचालन डॉ. लीना ने किया।
इस दौरान डॉ. संतोष ने महाविद्यालय की स्थापना से लेकर विभिन्न विषयों के संचालन तक की जानकारी छात्र-छात्राओं को दी। डॉ. शीतल वालिया ने नई शिक्षा नीति के तहत शैक्षणिक वर्ष की व्यवस्थाओं और महत्वपूर्ण पहलुओं से विद्यार्थियों को अवगत कराया।
महाविद्यालय के सभी प्राध्यापकों ने अपने-अपने विषयों और संबंधित समितियों के बारे में छात्र-छात्राओं को जानकारी दी। प्राचार्य डॉ. नर्वदेश्वर शुक्ला ने विद्यार्थियों से अपने अनुभव साझा करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
डॉ. शीतल वालिया के धन्यवाद ज्ञापन के साथ अभिविन्यास कार्यक्रम का समापन हुआ। इस अवसर पर महाविद्यालय के समस्त शिक्षक, कर्मचारी और छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।