चमोली सुरंग हादसा: 9 श्रमिकों की मौत की पुष्टि, 6 अब भी लापता; रेस्क्यू ऑपरेशन जारी

चमोली सुरंग हादसा: 9 श्रमिकों की मौत की पुष्टि, 6 अब भी लापता; रेस्क्यू ऑपरेशन जारी

चमोली। चमोली जिले के पीपलकोटी क्षेत्र में विष्णुगाड़-पीपलकोटी जल विद्युत परियोजना की निर्माणाधीन सुरंग में हुए हादसे में अब तक 9 श्रमिकों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि 6 श्रमिक अभी भी सुरंग के अंदर फंसे हुए हैं। राहत एवं बचाव दल लगातार उन्हें बाहर निकालने के प्रयास में जुटे हैं।

हादसा गुरुवार शाम करीब पौने सात बजे हुआ। बताया जा रहा है कि सुरंग में काम के दौरान अचानक पानी के साथ भारी मलबा अंदर आ गया। हादसे के वक्त सुरंग में 28 से अधिक श्रमिक काम कर रहे थे। रेस्क्यू टीमों ने तत्काल अभियान शुरू किया और अब तक 22 श्रमिकों को सुरंग से बाहर निकाला जा चुका है।

10 घायल अस्पताल में भर्ती
हादसे में घायल 10 श्रमिकों को गोपेश्वर जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं अन्य घायलों का उपचार श्रीनगर और पीपलकोटी के अस्पतालों में चल रहा है। एक घायल को उपचार के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है।

ऑक्सीजन की कमी के चलते रात में रोका गया रेस्क्यू
सुरंग के भीतर पानी और दलदल के साथ ऑक्सीजन की कमी की स्थिति भी सामने आई। सुरक्षा कारणों से रात में रेस्क्यू अभियान रोकना पड़ा। एनडीआरएफ अधिकारियों के अनुसार, शुक्रवार सुबह सुरंग के अंदर की स्थिति का जायजा लेने के बाद बचाव अभियान दोबारा तेज किया जाएगा।

घटनास्थल पर एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, पुलिस, आईटीबीपी, सेना और आपदा प्रबंधन की टीमें राहत एवं बचाव कार्य में जुटी हैं।

सीएम धामी ने दिए तेजी से रेस्क्यू के निर्देश
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अधिकारियों को सुरंग में फंसे सभी श्रमिकों को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए हरसंभव प्रयास करने के निर्देश दिए हैं। सरकार ने घायलों को बेहतर उपचार उपलब्ध कराने और प्रभावित परिवारों को हरसंभव सहायता देने का भरोसा दिया है।
वहीं टीएचडीसी की तकनीकी टीम को भी मौके पर भेजने की तैयारी की जा रही है। हादसे के कारणों की विस्तृत जांच कराने की बात कही गई है।