देहरादून: उत्तराखंड के युवाओं को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और खेलों से जोड़ने के लिए उच्च शिक्षा विभाग ने नई पहल शुरू की है। प्रदेश के 114 राजकीय महाविद्यालयों में जिम की सुविधा विकसित करने की तैयारी की जा रही है। इसके साथ ही विद्यार्थियों को आधुनिक खेल सामग्री भी उपलब्ध कराई जाएगी।
इस योजना पर करीब 28.82 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। जिम और खेल उपकरण उपलब्ध कराने के लिए उच्च शिक्षा विभाग और दिल्ली की संजीवनी विकास जनकल्याण समिति के बीच एमओयू भी हो चुका है।
कॉलेजों से मांगे गए प्रस्ताव
योजना को धरातल पर उतारने के लिए संबंधित सभी राजकीय महाविद्यालयों से प्रस्ताव मांगे गए हैं। विभाग की ओर से आवश्यक प्रक्रिया पूरी होने के बाद कॉलेजों में जिम उपकरण पहुंचाने और फिटनेस सेंटर विकसित करने का काम शुरू किया जाएगा।
आधुनिक जिम उपकरण होंगे उपलब्ध
महाविद्यालयों में विद्यार्थियों के लिए आधुनिक और निर्धारित खेल मानकों के अनुरूप उपकरण उपलब्ध कराए जाएंगे। इनमें पुरुष और महिला ओलंपिक वेटलिफ्टिंग सेट, प्रोफेशनल हाफ केज विद बेंच, ओलंपिक वेटलिफ्टिंग प्लेटफॉर्म, ओलंपिक डंबल सेट और प्रोफेशनल डंबल सेट शामिल हैं।
इसके अलावा वॉलीबाल के लिए पोल, नेट और बॉल समेत अन्य खेल सामग्री भी कॉलेजों को उपलब्ध कराई जाएगी।
युवाओं को नशे से दूर रखने पर जोर
उच्च शिक्षा विभाग का उद्देश्य विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ नियमित व्यायाम और खेल गतिविधियों से जोड़ना है। विभाग का मानना है कि कॉलेजों में बेहतर फिटनेस और खेल सुविधाएं उपलब्ध होने से युवाओं को स्वस्थ रहने के साथ अपनी खेल प्रतिभा को निखारने का अवसर मिलेगा। साथ ही उन्हें नशे जैसी बुरी आदतों से दूर रखने में भी मदद मिलेगी।
उच्च शिक्षा विभाग के संयुक्त निदेशक प्रो. एएस उनियाल के अनुसार, सभी संबंधित कॉलेजों से प्रस्ताव लिए जा चुके हैं। आवश्यक प्रक्रिया पूरी होने के बाद जिम और खेल सामग्री उपलब्ध कराने का कार्य शुरू किया जाएगा।