रामनगर। उत्तराखंड विद्यालयी शिक्षा परिषद ने सुधार परीक्षा प्रथम के परिणाम जारी करने के बाद अब सुधार परीक्षा द्वितीय की तैयारियां शुरू कर दी हैं। बोर्ड की ओर से जल्द ही दूसरी सुधार परीक्षा के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू की जाएगी।
बोर्ड के अपर सचिव सीपी रतूड़ी ने बताया कि सुधार परीक्षा प्रथम में अनुत्तीर्ण विद्यार्थियों को अब सुधार परीक्षा द्वितीय में शामिल होने का एक और अवसर दिया जाएगा। इसका उद्देश्य विद्यार्थियों को अपनी शैक्षणिक कमियों में सुधार कर परीक्षा उत्तीर्ण करने का अतिरिक्त मौका देना है।
बोर्ड स्तर पर सुधार परीक्षा द्वितीय के आयोजन को लेकर आवश्यक प्रक्रिया पूरी की जा रही है। आवेदन की तिथियों और परीक्षा कार्यक्रम से संबंधित जानकारी बोर्ड की ओर से जल्द जारी किए जाने की उम्मीद है।
इस निर्णय से सुधार परीक्षा प्रथम में सफलता हासिल नहीं कर पाने वाले विद्यार्थियों को अपनी पढ़ाई जारी रखने और परिणाम सुधारने का एक और अवसर मिलेगा।