देहरादून: कंपनी के उच्चाधिकारी और मैनेजिंग डायरेक्टर बनकर करीब 3.20 करोड़ रुपये की साइबर ठगी करने के मामले में उत्तराखंड एसटीएफ की साइबर टीम ने बड़ी कार्रवाई की है। टीम ने मामले में एक आरोपी को कोलकाता से गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान पश्चिम बंगाल निवासी चन्द्र कांत के रूप में हुई है। उसके कब्जे से दो मोबाइल फोन, चार सिम कार्ड और एचपी कंपनी का लैपटॉप बरामद किया गया है।
व्हाट्सऐप पर कंपनी के अधिकारी बनकर किया संपर्क
साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन देहरादून में दर्ज मामले की जांच में सामने आया कि साइबर अपराधियों ने कंपनी के जनरल मैनेजर से व्हाट्सऐप के जरिए संपर्क किया। आरोपियों ने खुद को कंपनी का उच्चाधिकारी और मैनेजिंग डायरेक्टर बताते हुए प्रोजेक्ट के एडवांस पेमेंट और अन्य जरूरी भुगतानों के नाम पर जनरल मैनेजर को विश्वास में लिया।
इसके बाद आरोपियों ने अलग-अलग बैंक खातों में रकम ट्रांसफर कराई। इसी क्रम में श्याम ट्रेडिंग कंपनी के बैंक खाते में भी रकम भेजी गई। इस तरह आरोपियों ने करीब 3.20 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी को अंजाम दिया।
तकनीकी जांच के बाद कोलकाता पहुंची STF
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसटीएफ के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय सिंह ने साइबर टीम को तकनीकी विश्लेषण और मैनुअल इनपुट के आधार पर आरोपियों की तलाश के निर्देश दिए।
जांच के दौरान टीम को महत्वपूर्ण सुराग मिले, जिसके बाद एसटीएफ की साइबर टीम कोलकाता पहुंची और आरोपी चन्द्र कांत को उसके निवास से गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर साइबर ठगी में शामिल अन्य लोगों और पूरे नेटवर्क के बारे में जानकारी जुटा रही है।