देहरादून के मशहूर YouTuber ‘आसू UK Rider’ की सड़क हादसे में दर्दनाक मौत

देहरादून के मशहूर YouTuber ‘आसू UK Rider’ की सड़क हादसे में दर्दनाक मौत

सहसपुर। बल्लुपुर-पांवटा हाईवे पर हिन्दूवाला के पास शुक्रवार सुबह दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से जा टकराई। हादसे में 25 वर्षीय यूट्यूबर राइडर आस मोहम्मद उर्फ आशु की मौत हो गई।

जानकारी के अनुसार सुबह करीब नौ बजे सभावाला चौकी पुलिस को हिन्दूवाला के पास सड़क दुर्घटना की सूचना मिली। पुलिस टीम मौके पर पहुंची तो युवक गंभीर रूप से घायल अवस्था में सड़क पर पड़ा था और पास में उसकी बाइक मिली। पुलिस ने घायल युवक को तत्काल नजदीकी अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

मृतक की पहचान आस मोहम्मद उर्फ आशु पुत्र मेहरबान, निवासी बढ़ेडी राजपूतान, रुड़की, हरिद्वार के रूप में हुई। परिजनों से पूछताछ में पता चला कि आशु प्रोफेशनल यूट्यूबर राइडर था।

पुलिस के मुताबिक आशु देहरादून की ओर से पांवटा साहिब जा रहा था। आसपास के लोगों ने बताया कि बाइक की गति तेज थी। इसी दौरान बाइक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि हेलमेट सिर से छिटक गया और सिर में गंभीर चोट लगने से उसकी मौत हो गई।

सहसपुर कोतवाल प्रदीप सिंह रावत ने बताया कि शव का पंचायतनामा भरने के बाद परिजनों के अनुरोध और एसडीएम की अनुमति से बिना पोस्टमार्टम के शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।