वरिष्ठ पूर्व IAS अधिकारी हरि चन्द सेमवाल बने उत्तराखंड मानव अधिकार आयोग के सदस्य

वरिष्ठ पूर्व IAS अधिकारी हरि चन्द सेमवाल बने उत्तराखंड मानव अधिकार आयोग के सदस्य

देहरादून। जौनसार-बावर के सपूत और उत्तराखंड के वरिष्ठ पूर्व आईएएस अधिकारी हरि चन्द सेमवाल को उत्तराखंड मानव अधिकार आयोग का सदस्य नियुक्त किया गया है। उनकी नियुक्ति से जौनसार-बावर क्षेत्र में खुशी की लहर है। क्षेत्रवासियों और शुभचिंतकों ने उन्हें नई जिम्मेदारी के लिए बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं।

उत्तराखंड शासन के गृह अनुभाग-3 की ओर से जारी आदेश के अनुसार, राज्यपाल के आदेश दिनांक 25 अगस्त 2026 के तहत मानव अधिकार संरक्षण अधिनियम, 1993 की धारा 22(1) के अंतर्गत सेमवाल को यह जिम्मेदारी सौंपी गई है। उनका कार्यकाल कार्यभार ग्रहण करने की तिथि से तीन वर्ष का होगा।

प्रशासनिक अनुभव आएगा काम
हरि चन्द सेमवाल ने आईएएस अधिकारी के रूप में लंबे समय तक प्रदेश की प्रशासनिक व्यवस्था में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभाई हैं। प्रशासनिक अनुभव, न्यायप्रियता और ईमानदार कार्यशैली के लिए उनकी पहचान रही है। माना जा रहा है कि मानव अधिकारों की रक्षा और आमजन से जुड़े संवेदनशील मामलों के निस्तारण में उनका प्रशासनिक अनुभव महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

जौनसार-बावर के लिए गौरव का विषय
सेमवाल की नियुक्ति को जौनसार-बावर क्षेत्र के लिए भी गौरव का विषय बताया जा रहा है। क्षेत्रवासियों का कहना है कि प्रशासनिक सेवा के बाद मानव अधिकार आयोग जैसे महत्वपूर्ण और संवेदनशील संस्थान में जिम्मेदारी मिलना उनकी कार्यक्षमता और सार्वजनिक सेवा के प्रति समर्पण का सम्मान है।