देहरादून: जनपद देहरादून में त्रिस्तरीय पंचायत के रिक्त पदों पर होने वाले उपचुनाव को लेकर आदर्श आचार संहिता लागू कर दी गई है। राज्य निर्वाचन आयोग, उत्तराखंड की अधिसूचना के क्रम में जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत) डॉ. आशीष चौहान ने इस संबंध में आदेश जारी किए हैं।
जिला निर्वाचन अधिकारी के आदेश के अनुसार, जिन ग्राम पंचायतों और क्षेत्र पंचायतों में रिक्त पदों के लिए उपचुनाव होना है, उन संबंधित प्रादेशिक निर्वाचन क्षेत्रों में तत्काल प्रभाव से आदर्श आचार संहिता लागू रहेगी। यह आचार संहिता निर्वाचन प्रक्रिया पूरी होने के बाद मतगणना समाप्त होने तक प्रभावी रहेगी।
आदेश में संबंधित अधिकारियों को उपचुनाव वाले क्षेत्रों में आदर्श आचार संहिता का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। निर्वाचन प्रक्रिया को निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने के लिए आवश्यक कार्रवाई करने को कहा गया है।
जिला निर्वाचन अधिकारी की ओर से आदेश की प्रतियां सभी संबंधित अधिकारियों और विभागों को भेज दी गई हैं। साथ ही, आदेश का व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए हैं।