11 साल के खिलाड़ी ने एशियन गेम्स में जीता गोल्ड, रचा इतिहास

11 साल के खिलाड़ी ने एशियन गेम्स में जीता गोल्ड, रचा इतिहास

जापान: एशियन गेम्स 2026 में जापान की 11 वर्षीय प्राथमिक स्कूल छात्रा युकी कुरिहारा ने ई-स्पोर्ट्स में स्वर्ण पदक जीतकर इतिहास रच दिया। उन्होंने ई-स्पोर्ट्स के ‘पुयो पुयो’ इवेंट में गोल्ड मेडल अपने नाम किया। इसके साथ ही वह एशियन गेम्स के इतिहास में स्वर्ण पदक जीतने वाली सबसे कम उम्र की खिलाड़ी बन गई हैं।

बड़े खिलाड़ियों को हराकर जीता गोल्ड
इस प्रतियोगिता की सबसे खास बात यह है कि युकी का मुकाबला ऐसे खिलाड़ियों से था जो उनसे उम्र में दोगुने से भी ज्यादा बड़े थे। सेमीफाइनल में उनका सामना थाईलैंड के 28 वर्षीय तानाराक वोंगकित्तिकुन से हुआ। इसके बाद फाइनल में उन्होंने दक्षिण कोरिया के 24 वर्षीय खिलाड़ी के खिलाफ मुकाबला किया और स्वर्ण पदक हासिल किया।
‘पुयो पुयो’ एक लोकप्रिय पजल गेम है। युकी ने प्राथमिक स्कूल के पहले वर्ष में यह गेम खेलना शुरू किया था। इसके बाद उन्होंने अलग-अलग प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेना शुरू किया और बड़े खिलाड़ियों के खिलाफ भी सफलता हासिल की।

12 साल के खिलाड़ी का रिकॉर्ड तोड़ा
युकी के स्वर्ण पदक के साथ एशियन गेम्स में सबसे कम उम्र में मेडल जीतने का रिकॉर्ड भी उनके नाम हो गया है। इससे पहले यह रिकॉर्ड इंडोनेशिया की स्केटर बंगा न्यामास के नाम था, जिन्होंने 12 साल की उम्र में पदक जीता था।

युकी भारतीय क्रिकेटर वैभव सूर्यवंशी से भी छोटी हैं। वैभव 15 वर्ष के हैं और एशियन गेम्स 2026 में भारतीय क्रिकेट टीम का हिस्सा हैं। भारतीय टीम 28 सितंबर से अपने अभियान की शुरुआत करेगी।

एशियन गेम्स में ई-स्पोर्ट्स
एशियन गेम्स में ई-स्पोर्ट्स को पहली बार हांगझोऊ 2022 एशियन गेम्स, जो 2023 में आयोजित हुए, में आधिकारिक पदक खेल के रूप में शामिल किया गया था। जापान में ई-स्पोर्ट्स की लोकप्रियता काफी अधिक है।

मेजबान जापान भी एशियन गेम्स 2026 में अब तक मजबूत प्रदर्शन कर रहा है। उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार जापान के खाते में 33 स्वर्ण, 54 रजत और 55 कांस्य समेत कुल 142 पदक हैं।