देहरादून, 1 अक्टूबर 2026: स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण को लेकर भाकृअनुप-भारतीय मृदा एवं जल संरक्षण संस्थान (ICAR-IISWC), देहरादून की ओर से राजेंद्र नगर स्थित पब्लिक पार्क में स्वच्छता एवं जागरूकता अभियान चलाया गया। “स्वच्छता में सहभागिता–स्वच्छ भारत, विकसित भारत” और “एक दिन, एक घंटा, एक साथ” थीम के तहत आयोजित कार्यक्रम में संस्थान के अधिकारियों-कर्मचारियों, स्थानीय निवासियों और स्वच्छता मित्रों समेत करीब 50 लोगों ने भाग लिया।
कार्यक्रम में देहरादून के बल्लूपुर क्षेत्र की वार्ड सदस्य कोमल वोहरा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं। अभियान के दौरान प्रतिभागियों ने सार्वजनिक स्थल की साफ-सफाई की और लोगों को स्वच्छता तथा जिम्मेदार कचरा प्रबंधन के प्रति जागरूक किया।
वर्षा जल संचयन और खाद बनाने की जानकारी
कार्यक्रम में ICAR-IISWC के वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ. रमन जीत सिंह ने वर्षा जल संचयन, जैविक खाद तैयार करने और पेड़ों से गिरने वाली पत्तियों के उचित प्रबंधन के बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि पत्तियों और जैविक कचरे का उचित उपयोग खाद बनाने में किया जा सकता है। साथ ही, वर्षा जल के संरक्षण और कचरे को कम करने के लिए पर्यावरण अनुकूल तरीकों को अपनाने पर जोर दिया गया।
अभियान का उद्देश्य आम लोगों और पार्क में आने वाले लोगों को स्वच्छता, कचरे के उचित निस्तारण और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करना रहा। संस्थान के मृदा विज्ञान और शस्य विज्ञान विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने अभियान में सक्रिय भागीदारी की।
कार्यक्रम के अंत में प्रतिभागियों ने स्वच्छता बनाए रखने, जिम्मेदार तरीके से कचरे का प्रबंधन करने और आसपास के वातावरण को स्वच्छ एवं हरा-भरा रखने में निरंतर योगदान देने का सामूहिक संकल्प लिया। यह कार्यक्रम ICAR-IISWC के कार्यवाहक निदेशक डॉ. शाकिर अली के मार्गदर्शन में आयोजित किया गया।