ओलंपियन वंदना को 11 लाख देगा ग्राफिक एरा, राखी ने परिवार को सौपा घोषणा पत्र

ओलंपियन वंदना को 11 लाख देगा ग्राफिक एरा, राखी ने परिवार को सौपा घोषणा पत्र

राखी घनशाला ने घर पहुंच कर वंदना के परिवार का अभिनंदन किया

रेनबो न्यूज़ इंडिया * 6 अगस्त 2021

देहरादून/हरिद्वार। टोक्यो ओलंपिक में भारतीय महिला हॉकी को नई ऊंचाई पर ले जाने वाली टीम में शामिल वंदना कटारिया को ग्राफिक एरा डीम्ड यूनिवर्सिटी ने 11 लाख रुपये का पुरस्कार देने की घोषणा की है।

ग्राफिक एरा एजुकेशनल ग्रुप की वरिष्ठ पदाधिकारी राखी घनशाला ने आज रोशनाबाद में वंदना कटारिया के घर पहुंच कर उनकी मां श्रीमती स्वर्ण देवी और भाई चंद्रशेखर कटारिया का इस गौरवशाली उपलब्धि पर अभिनंदन किया। श्रीमती राखी घनशाला ने वंदना कटारिया की मां को ग्राफिक एरा डीम्ड यूनिवर्सिटी की ओर से 11 लाख रुपये की सम्मान राशि की घोषणा का पत्र सौंपा।

राखी घनशाला ने कहा कि ये उत्तराखंड और पूरे देश के लिए गर्व के पल हैं। उत्तराखंड की बेटी वंदना कटारिया उस टीम का अहम हिस्सा है, जिसने इतिहास रचा है। हम जीते नहीं, लेकिन हमारे देश की महिला हॉकी टीम ने देश की लाखों महिलाओं और लड़कियों को आगे बढ़ने की राह दिखाई है। इस टीम ने देश को महिला हॉकी में पूरी दुनियां में चौथे स्थान पर पहुंचने का गौरव दिलाया है।

उन्होंने कहा कि वंदना को अगले मुकाबलों के लिए जिस ट्रेनिंग की आवश्यकता होगी, उसमें ग्राफिक एरा सहयोग करेगा। अगले ओलंपिक में हमारी महिला हॉकी टीम गोल्ड जरूर जीतेगी। ओलंपियन वंदना के भाई चंद्रशेखर कटारिया और मां स्वर्ण देवी ने ग्राफिक एरा की इस पहल का स्वागत करते हुए कहा कि पूरा देश इस खुशी में शामिल है। राखी घनशाला ने वंदना की बहन और परिवार के अन्य सदस्यों से भी काफी देर बातचीत की।

ग्राफिक एरा एजुकेशनल ग्रुप के अध्यक्ष डॉ. कमल घनशाला ने कहा कि ओलंपिक में गोल की हैट्रिक लगाने वाली पहली भारतीय महिला हॉकी खिलाड़ी वंदना कटारिया ने सुविधाओं की कमी के बावजूद यह साबित किया है कि लगन सच्ची हो, तो बड़ी से बड़ी मंजिल तक पहुंचा जा सकता है। भारत वापसी पर विश्वविद्यालय में वंदना कटारिया का अभिनंदन किया जाएगा।

Please share the Post to: