उत्तराखंड में 29 मई से शुरू होगा SIR, बीएलओ करेंगे घर-घर सर्वेक्षण

उत्तराखंड में 29 मई से शुरू होगा SIR, बीएलओ करेंगे घर-घर सर्वेक्षण

देहरादून। Election Commission of India ने तीसरे चरण में 19 राज्यों में विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अभियान शुरू करने की घोषणा की है। इसी क्रम में उत्तराखंड में भी 1 जुलाई 2026 की अर्हता तिथि के आधार पर मतदाता सूची पुनरीक्षण की प्रक्रिया संचालित की जाएगी।

मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. बीवीआरसी पुरुषोत्तम ने बताया कि आयोग के निर्देशों के अनुसार राज्य में 29 मई से 7 जून 2026 तक गणना प्रपत्रों की प्रिंटिंग और कर्मचारियों के प्रशिक्षण से संबंधित कार्य पूरे किए जाएंगे।
इसके बाद 8 जून से 7 जुलाई 2026 तक बीएलओ (BLOs) घर-घर जाकर गणना प्रपत्रों का वितरण और संग्रहण करेंगे। राज्य में 14 जुलाई 2026 को ड्राफ्ट मतदाता सूची का प्रकाशन किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि 14 जुलाई से 13 अगस्त 2026 तक दावे और आपत्तियां दर्ज कराने का अवसर मिलेगा। वहीं 10 जुलाई से 11 सितंबर 2026 तक नोटिस जारी कर दावे एवं आपत्तियों का निस्तारण किया जाएगा। आयोग के निर्देशानुसार 15 सितंबर 2026 को अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित की जाएगी।

मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि उत्तराखंड में 11,733 पोलिंग बूथ हैं, जिनके सापेक्ष राजनीतिक दलों द्वारा अब तक 21,808 बीएलए (BLA) नियुक्त किए जा चुके हैं।

इस संबंध में अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. विजय कुमार जोगदंडे ने प्रेस ब्रीफिंग कर अभियान की विस्तृत जानकारी साझा की।