देहरादून की कमान संभालेंगे IAS डॉ. आशीष चौहान, प्रशासनिक अनुभव से बढ़ेंगी उम्मीदें

देहरादून की कमान संभालेंगे IAS डॉ. आशीष चौहान, प्रशासनिक अनुभव से बढ़ेंगी उम्मीदें

देहरादून। उत्तराखंड की नौकरशाही में अपनी अलग कार्यशैली, जनसरोकार और संवेदनशील प्रशासनिक दृष्टिकोण के लिए पहचान बनाने वाले आईएएस अधिकारी डॉ. आशीष कुमार चौहान अब राजधानी देहरादून की जिम्मेदारी संभालेंगे। प्रशासनिक सेवा में उनके अब तक के कार्यकाल को जनता के बीच सक्रिय भागीदारी और जमीनी समाधान के लिए जाना जाता रहा है।
2012 बैच के उत्तराखंड कैडर के अधिकारी डॉ. चौहान ने अपनी कार्यशैली से यह संदेश दिया कि प्रशासन केवल कार्यालयों तक सीमित नहीं, बल्कि लोगों के बीच पहुंचकर समस्याओं का समाधान करने का माध्यम है। दुर्गम क्षेत्रों तक पहुंचना, ग्रामीणों से सीधा संवाद करना और मौके पर ही समाधान की दिशा में कदम उठाना उनकी पहचान रहा है।
उत्तरकाशी में जिलाधिकारी रहते हुए उन्होंने कई नवाचार किए, जिनमें हर्षिल घाटी के सेबों को नई पहचान दिलाने की पहल प्रमुख रही। “हर्षिल एप्पल” को व्यापक पहचान दिलाने के उद्देश्य से शुरू किए गए प्रयासों से स्थानीय किसानों को नए बाजार मिले और उनकी आय में सुधार देखने को मिला।
उनकी प्रशासनिक शैली को देश-विदेश में भी सराहना मिली। स्थानीय विकास, जनसुनवाई और क्षेत्रीय जरूरतों को प्राथमिकता देने के कारण वे लोगों के बीच लोकप्रिय रहे। शिक्षा के क्षेत्र में इतिहास विषय से उच्च अध्ययन करने वाले डॉ. चौहान को प्रशासनिक कार्यों के लिए विभिन्न स्तरों पर सम्मान भी मिल चुके हैं।
अब देहरादून में नई जिम्मेदारी के साथ उनसे राजधानी की व्यवस्थाओं, जनसेवाओं और विकास कार्यों में गति आने की उम्मीद जताई जा रही है। माना जा रहा है कि उनका अनुभव और जमीनी कार्यशैली राजधानी के प्रशासनिक ढांचे को नई दिशा दे सकती है।