सेल्फी के चक्कर में गहरी खाई में गिरा युवक, पुलिस ने जान जोखिम में डाल बचाई जान

सेल्फी के चक्कर में गहरी खाई में गिरा युवक, पुलिस ने जान जोखिम में डाल बचाई जान

चमोली: खतरनाक स्थानों पर सेल्फी लेने का शौक एक बार फिर जानलेवा साबित होते-होते बच गया। चमोली जिले के पोखरी क्षेत्र में सेल्फी लेते समय एक युवक अचानक संतुलन खो बैठा और गहरी खाई में जा गिरा। समय रहते पुलिस की तत्परता और साहसिक रेस्क्यू अभियान के चलते युवक की जान बच गई।

जानकारी के अनुसार 29 मई 2026 को रवि जोशी निवासी बिंदुखत्ता, थाना लालकुआं (नैनीताल) ने डायल 112 पर सूचना दी कि उसका दोस्त कुशाल सिंह भंडारी सेल्फी लेते समय अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गया है।

सूचना मिलते ही थाना पोखरी पुलिस की टीम, जिसमें अपर उपनिरीक्षक दलवीर सिंह और हेड कांस्टेबल जसवंत सिंह शामिल थे, आपदा राहत उपकरणों के साथ तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस टीम ने अपनी जान जोखिम में डालकर दुर्गम और खड़ी चट्टानों वाली खाई में उतरकर रेस्क्यू अभियान शुरू किया।

कड़ी मशक्कत और अथक प्रयासों के बाद घायल युवक को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। इसके बाद उसे एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पोखरी पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसका प्राथमिक उपचार किया। हादसे में युवक के मुंह और सिर पर हल्की चोटें आई हैं।

घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने पुलिस टीम की त्वरित कार्रवाई और साहसिक रेस्क्यू की सराहना की। चमोली पुलिस ने पर्यटकों और यात्रियों से अपील की है कि वे खतरनाक स्थानों, गहरी खाइयों, नदी किनारों और पहाड़ी इलाकों में सेल्फी लेने से बचें, क्योंकि थोड़ी सी लापरवाही बड़ा हादसा बन सकती है।