देहरादून। उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (यूकेएसएसएससी) ने अभ्यर्थियों के लिए महत्वपूर्ण सूचना जारी करते हुए समूह-‘ग’ की विभिन्न भर्ती परीक्षाओं का संशोधित परीक्षा कैलेंडर जारी कर दिया है। आयोग ने दो परीक्षाओं की तिथियों में बदलाव किया है, जबकि एक परीक्षा की नई तिथि भी घोषित कर दी गई है। संशोधित कार्यक्रम के अनुसार सभी परीक्षाएं अब अगस्त और सितंबर 2026 में आयोजित होंगी।
आयोग के सचिव एन.एस. डुंगरियाल द्वारा जारी सूचना के अनुसार कनिष्ठ सहायक एवं वैयक्तिक सहायक भर्ती परीक्षा अब 23 अगस्त 2026 को प्रदेशभर में आयोजित की जाएगी। इसी दिन सहायक लेखाकार भर्ती परीक्षा भी प्रस्तावित है।
वहीं, पशुधन प्रसार अधिकारी भर्ती परीक्षा, जो पहले 12 जुलाई को प्रस्तावित थी, अब 6 सितंबर 2026 को आयोजित की जाएगी। इसके अलावा विशेष तकनीकी अर्हता वाले पदों की भर्ती परीक्षा, जो पहले 28 जून को होनी थी, अब 14 सितंबर 2026 को आयोजित की जाएगी।
आयोग ने बताया कि संशोधित परीक्षा कार्यक्रम के अनुसार सभी तैयारियां शुरू कर दी गई हैं और अभ्यर्थियों को समय-समय पर आयोग की आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराई जाएगी।
इधर, उत्तराखंड लोक सेवा आयोग (UKPSC) ने महिला एवं बाल विकास विभाग में अधीक्षिका भर्ती परीक्षा का अंतिम चयन परिणाम भी जारी कर दिया है। आयोग के अनुसार चयनित अभ्यर्थियों के प्राप्तांक जल्द ही वेबसाइट पर उपलब्ध करा दिए जाएंगे।
इसके अलावा लोअर पीसीएस-2024 के साक्षात्कार जुलाई के दूसरे सप्ताह में प्रस्तावित हैं। आयोग जल्द ही विस्तृत साक्षात्कार कार्यक्रम जारी करेगा। जिन अभ्यर्थियों का दस्तावेज सत्यापन किसी कारणवश नहीं हो पाया है, उन्हें डाक के माध्यम से अपने अभिलेख भेजने की सुविधा भी प्रदान की गई है।