उत्तराखंड के सभी थानों को बम से उड़ाने की धमकी देने वाला आरोपी गिरफ्तार, दून पुलिस ने हरियाणा से दबोचा

उत्तराखंड के सभी थानों को बम से उड़ाने की धमकी देने वाला आरोपी गिरफ्तार, दून पुलिस ने हरियाणा से दबोचा

देहरादून: उत्तराखंड के सभी पुलिस थानों को बम विस्फोट की धमकी देकर सोशल मीडिया पर दहशत फैलाने वाले आरोपी को दून पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। एसएसपी देहरादून के निर्देश पर गठित विशेष टीम ने साइबर विश्लेषण और डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर हरियाणा के अंबाला निवासी 26 वर्षीय जसप्रीत सिंह को दबोच लिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से धमकी भरे पोस्ट करने में इस्तेमाल मोबाइल फोन भी बरामद कर लिया है।

पुलिस के अनुसार 23 जून 2026 को सोशल मीडिया पर उत्तराखंड के सभी पुलिस थानों में बम धमाके की धमकी से जुड़े पोस्ट वायरल हुए थे, जिससे प्रदेशभर में दहशत का माहौल बन गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए कोतवाली नगर में बीएनएस की धारा 351(3), 353 और आईटी एक्ट की धारा 66एफ के तहत मुकदमा दर्ज किया गया।

जांच के दौरान पुलिस ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म, डिजिटल फुटप्रिंट और इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों का गहन विश्लेषण किया। तकनीकी निगरानी के आधार पर आरोपी की पहचान कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया।

पूछताछ में आरोपी ने बताया कि चमोली जिले के कर्णप्रयाग क्षेत्र में स्थानीय युवकों और सिख समुदाय के बीच हुए विवाद तथा उसके बाद हुई पुलिस कार्रवाई से नाराज होकर उसने इंस्टाग्राम पर उत्तराखंड के सभी पुलिस थानों को बम से उड़ाने की धमकी वाला पोस्ट किया था। उसका उद्देश्य लोगों में भय फैलाना और उत्तराखंड पुलिस को चुनौती देना था।

पुलिस ने आरोपी का मोबाइल जब्त कर फोरेंसिक जांच के लिए भेज दिया है। साथ ही मामले में अन्य डिजिटल साक्ष्यों की भी जांच जारी है। देहरादून पुलिस ने लोगों से सोशल मीडिया का जिम्मेदारी से उपयोग करने की अपील करते हुए चेतावनी दी है कि अफवाह फैलाने, धमकी देने या दहशत फैलाने वाली पोस्ट करना गंभीर अपराध है और ऐसे मामलों में सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।