देहरादून। उत्तराखंड में मौसम एक बार फिर बदलने वाला है। मौसम विज्ञान केंद्र, देहरादून के ताजा पूर्वानुमान के अनुसार आज राज्य के कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। खासकर पर्वतीय क्षेत्रों में मौसम अधिक सक्रिय रहने के आसार हैं।
मौसम विभाग के अनुसार उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। वहीं देहरादून, टिहरी और नैनीताल जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश की बौछारें पड़ने की संभावना जताई गई है।
इसके अलावा राज्य के अन्य जिलों में भी कुछ स्थानों पर हल्की बारिश होने के आसार हैं। मौसम विभाग ने गर्जन और आकाशीय बिजली की संभावना को देखते हुए लोगों से सतर्क रहने की अपील की है।
चारधाम यात्रा पर जाने वाले श्रद्धालुओं और पहाड़ी क्षेत्रों की यात्रा करने वाले पर्यटकों को मौसम का ताजा अपडेट लेकर ही सफर करने की सलाह दी गई है। साथ ही भूस्खलन संभावित क्षेत्रों, नदी-नालों और संवेदनशील स्थानों के आसपास अनावश्यक आवाजाही से बचने की हिदायत दी गई है।
मौसम विज्ञान केंद्र ने खराब मौसम के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहने तथा प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है।