मेरठ से ऋषिकेश तक दौड़ेगी नमो भारत ट्रेन, धामी सरकार की पहल को मिली रफ्तार, जल्द होगा सर्वे

मेरठ से ऋषिकेश तक दौड़ेगी नमो भारत ट्रेन, धामी सरकार की पहल को मिली रफ्तार, जल्द होगा सर्वे

मेरठ के मोदीपुरम से ऋषिकेश के लक्ष्मणझूला तक हाई स्पीड नमो भारत ट्रेन (RRTS) चलाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के प्रयासों के बाद उत्तराखंड सरकार, उत्तर प्रदेश सरकार और राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र परिवहन निगम (NCRTC) के बीच इस परियोजना को लेकर सहमति बन गई है। अब परियोजना की विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (DPR) तैयार करने के लिए जल्द सर्वे शुरू किया जाएगा।

इसी वर्ष फरवरी में दिल्ली से मेरठ के मोदीपुरम तक नमो भारत ट्रेन का संचालन शुरू हुआ था। इसके बाद मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इस सेवा को उत्तराखंड तक विस्तारित करने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर से मुलाकात कर प्रस्ताव सौंपा था। प्रस्ताव को मंजूरी मिलने के बाद अब ट्रेन को मोदीपुरम से ऋषिकेश के लक्ष्मणझूला तक बढ़ाने की प्रक्रिया शुरू हो गई है।

परियोजना के लिए उत्तराखंड सरकार ने अपर सचिव रीना जोशी को नोडल अधिकारी नियुक्त किया है, जबकि NCRTC और उत्तर प्रदेश सरकार भी अपने-अपने स्तर पर तैयारियों में जुट गए हैं। प्रस्तावित रेल मार्ग की कुल लंबाई लगभग 150 किलोमीटर होगी, जिसमें 72 किलोमीटर ट्रैक उत्तर प्रदेश और 78 किलोमीटर उत्तराखंड में बनाया जाएगा।

प्रस्तावित रूट मेरठ के मोदीपुरम स्टेशन से शुरू होकर मुजफ्फरनगर, रुड़की, हरिद्वार के हर की पैड़ी और ऋषिकेश होते हुए लक्ष्मणझूला तक जाएगा। इस परियोजना से चारधाम यात्रा पर आने वाले श्रद्धालुओं, पर्यटकों और स्थानीय लोगों को तेज, सुरक्षित और आधुनिक परिवहन सुविधा मिलेगी।

वर्तमान में दिल्ली से ऋषिकेश की यात्रा सड़क मार्ग से करीब पांच से छह घंटे में पूरी होती है। नमो भारत ट्रेन के शुरू होने के बाद 160 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से यह सफर लगभग ढाई से तीन घंटे में पूरा किया जा सकेगा।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि मेरठ से ऋषिकेश तक नमो भारत ट्रेन सेवा का विस्तार उत्तराखंड की कनेक्टिविटी को नई दिशा देगा। इससे पर्यटन, तीर्थाटन और स्थानीय आवागमन को बढ़ावा मिलेगा, साथ ही राज्य में विकास और रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे।