स्वीकृत मानचित्र के बिना निर्माण पड़ा भारी, एमडीडीए ने दो प्लेटफार्म किए सील

स्वीकृत मानचित्र के बिना निर्माण पड़ा भारी, एमडीडीए ने दो प्लेटफार्म किए सील

देहरादून/मसूरी। मसूरी-देहरादून विकास प्राधिकरण (एमडीडीए) ने अवैध निर्माण के खिलाफ कार्रवाई करते हुए मसूरी क्षेत्र में बिना स्वीकृत मानचित्र और आवश्यक अनुमति के बनाए जा रहे दो प्लेटफार्म सील कर दिए। प्राधिकरण की यह कार्रवाई मंगलवार को की गई।
एमडीडीए के अनुसार मसूरी-देहरादून मोटर मार्ग पर हनुमान मंदिर से आगे मसूरी क्षेत्र में भूस्वामी हेमंत कुमार द्वारा बिना स्वीकृत मानचित्र के निर्माण कराया जा रहा था। निरीक्षण के दौरान लोहे के चैनलों की मदद से दो प्लेटफार्म बनाए जाने की जानकारी सामने आई।
प्राधिकरण ने संबंधित भूस्वामी को नियमानुसार कार्रवाई के लिए निर्देशित किया था। हालांकि, उनकी ओर से दिया गया जवाब संतोषजनक नहीं पाया गया। इसके बाद एमडीडीए ने दोनों प्लेटफार्म को सील कर दिया।

बिना अनुमति निर्माण पर होगी कार्रवाई
एमडीडीए अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि प्राधिकरण क्षेत्र में बिना स्वीकृत मानचित्र या आवश्यक अनुमति के किसी भी तरह का निर्माण स्वीकार नहीं किया जाएगा। स्वीकृत मानचित्र के विपरीत निर्माण पाए जाने पर भी नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
एमडीडीए ने आमजन से अपील की है कि भवन या अन्य निर्माण शुरू करने से पहले संबंधित विभाग से आवश्यक अनुमति और स्वीकृत मानचित्र जरूर प्राप्त करें।
एमडीडीए उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी ने कहा कि शहर में सुनियोजित विकास और निर्माण मानकों का पालन सुनिश्चित करना प्राधिकरण की प्राथमिकता है। वहीं सचिव मोहन सिंह बर्निया ने बताया कि प्राधिकरण की टीमें निर्माण गतिविधियों पर लगातार नजर रख रही हैं और नियमों का उल्लंघन मिलने पर कार्रवाई जारी रहेगी।