देहरादून। नेपाल में भीषण बाढ़ और आपदा से हुई जन-धन की क्षति को देखते हुए उत्तराखंड सरकार ने भी सतर्कता बढ़ा दी है। उत्तराखंड राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (USDMA) ने नेपाल के प्रभावित क्षेत्रों में फंसे उत्तराखंड के नागरिकों की सहायता और उनके संबंध में जानकारी जुटाने के लिए हेल्पलाइन नंबर जारी किए हैं।
यूएसडीएमए के अनुसार, यदि उत्तराखंड का कोई नागरिक नेपाल के प्रभावित क्षेत्र में फंसा है या किसी व्यक्ति के संबंध में कोई जानकारी साझा करनी है, तो इन नंबरों पर संपर्क किया जा सकता है। इसके अलावा टोल फ्री हेल्पलाइन नंबर 1070 पर भी सूचना दी जा सकती है।
ये हेल्पलाइन नंबर किए गए जारी
0135-2710334
0135-2710335
0135-2664314
0135-2664315
0135-2664316
8218867005
टोल फ्री: 1070
नेपाल में आपदा के बाद उत्तराखंड में बढ़ी निगरानी
नेपाल में आई आपदा को देखते हुए उत्तराखंड के सीमावर्ती क्षेत्रों में भी निगरानी बढ़ाई गई है। शारदा बैराज समेत संवेदनशील क्षेत्रों पर विशेष सतर्कता बरती जा रही है। प्रशासन और आपदा प्रबंधन तंत्र स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है।
सीएम धामी ने जताया गहरा दुख
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने नेपाल में आपदा के कारण हुई जनहानि पर गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की जनता और राज्य सरकार की संवेदनाएं नेपाल के प्रभावित परिवारों के साथ हैं। उन्होंने दिवंगत आत्माओं की शांति और प्रभावित लोगों के सकुशल होने की प्रार्थना की।
सीएम धामी ने कहा कि भारत और नेपाल के संबंध केवल दो पड़ोसी देशों तक सीमित नहीं हैं, बल्कि दोनों देशों के बीच साझा संस्कृति, परंपरा, आस्था और सामाजिक सरोकारों के गहरे रिश्ते हैं। उत्तराखंड और नेपाल के बीच सदियों पुराने रोटी-बेटी के संबंध रहे हैं।
उन्होंने कहा कि पिथौरागढ़ और चंपावत समेत सीमावर्ती क्षेत्रों के लोगों के नेपाल के साथ ऐतिहासिक, सामाजिक और सांस्कृतिक संबंध हैं। ऐसे में नेपाल की पीड़ा उत्तराखंड के लोगों के लिए भी अपने परिवार के सदस्य के संकट जैसी है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आपदा की इस घड़ी में उत्तराखंड की जनता नेपाली भाई-बहनों के साथ पूरी संवेदनशीलता के साथ खड़ी है। राज्य सरकार स्थिति पर नजर रखे हुए है और जरूरत पड़ने पर हरसंभव सहयोग के लिए तैयार है।