साइबर ठगी: फोन कॉल के झांसे में आकर युवक ने गंवाए ₹3.49 लाख, पुलिस ने शुरू की जांच

साइबर ठगी: फोन कॉल के झांसे में आकर युवक ने गंवाए ₹3.49 लाख, पुलिस ने शुरू की जांच

रुद्रपुर। ऊधमसिंह नगर जिले के रुद्रपुर में साइबर ठगों ने एक युवक को फोन कॉल के जरिए झांसा देकर 3.49 लाख रुपये की ठगी कर ली। ठगों ने पीड़ित के बैंक खाते और क्रेडिट कार्ड से कई ट्रांजैक्शन कर रकम उड़ा ली। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, ट्रांजिट कैंप थाना क्षेत्र की कृष्णा कॉलोनी, वार्ड नंबर-2 निवासी अनिल कुमार ने तहरीर देकर बताया कि 6 जुलाई 2026 को उसे एक फोन कॉल आया, जिसके बाद साइबर ठगों ने धोखाधड़ी कर उसके खाते से बड़ी रकम निकाल ली।

आरोप है कि ठगों ने स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (SBI) के खाते से पहले 2.45 लाख रुपये और फिर 45 हजार रुपये निकाल लिए। इसके अलावा पीड़ित के क्रेडिट कार्ड से भी 29,997 रुपये के दो ट्रांजैक्शन कर कुल 59,994 रुपये निकाल लिए गए।

इस तरह साइबर अपराधियों ने कुल 3,49,997 रुपये की ठगी को अंजाम दिया।

पीड़ित ने पुलिस से आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने और ठगी गई रकम वापस दिलाने की मांग की है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर साइबर ठगों की पहचान और रकम की ट्रेल खंगालनी शुरू कर दी है।

पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी अनजान फोन कॉल, लिंक या बैंक संबंधी जानकारी साझा करने से पहले पूरी सतर्कता बरतें और किसी भी संदिग्ध साइबर गतिविधि की सूचना तत्काल साइबर हेल्पलाइन 1930 या नजदीकी पुलिस स्टेशन को दें।